नई दिल्ली,
बढ़ते कोरोना को देखते हुए देश के ये कुछ राज्य दे रहे मुफ्त इलाज। कर्नाटक में BF.7 कोरोना वैरियंट के फ्री इलाज की बात भी कही गई है। कर्नाटक सरकार ने कहा है कि जो लोग कोरोना वायरस के बीएफ.7 सब-वेरिएंट से संक्रमित हैं, उनका इलाज फ्री में किया जाएगा।
राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा, ‘बेंगलुरु में विक्टोरिया अस्पताल और मंगलुरु में वेनलॉक अस्पताल को कोरोना वैरिएंट के मामलों के इलाज के लिए नामित किया गया है। बता दें कि BF.7 वैरिएंट, ओमिक्रॉन का एक सबवेरिएंट है। माना जा रहा है कि चीन में इसी की वजह से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।
कर्नाटक में फॉलो करने होंगे ये नियम
राजस्व मंत्री आर अशोक ने मंगलवार को ये घोषणा की है। इसके अलावा कर्नाटक में लोगों को नए साल के मौके पर कोरोना गाइडलाइंस का भी पालन करना होगा। इसके मुताबिक बार, पब और रेस्टोरेंट समेत सभी सार्वजनिक जगहों पर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।
नए साल का जश्न मनाने के लिए 1 जनवरी को केवल 1 बजे तक ही इजाजत है। इसके अलावा केवल उन लोगों को इन जगहों पर प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी, जिन्होंने कोविड 19 वैक्सीन की दोनों खुराक ली हैं। वहीं लोगों को त्योहारी सीजन के दौरान भीड़भाड़ से बचने के लिए भी कहा गया है। मूवी थिएटर में फेस मास्क पहनना भी अनिवार्य है।
सरकार ने कहा कि मंगलवार को राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में कोविड-19 की तैयारियों का परीक्षण करने के लिए एक ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल को केंद्र सरकार ने अनिवार्य किया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को सभी राज्यों को कोरोना के इलाज के लिए नामित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ड्रिल करने का आदेश दिया था।