BCCI ने ICC को लिखा पत्र, कहा- कश्मीर प्रीमियर लीग को न दी जाए मान्यता

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को पत्र लिखकर कहा है कि कश्मीर प्रीमियर लीग को मान्यता नहीं दी जाए। पाकिस्तान का यह घरेलू टी-20 टूर्नामेंट 6 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने केपीएल का आयोजन कश्मीर में न कराने के लिए आईसीसी को पत्र लिखा है।

इससे पहले बीते शनिवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उसके आंतरिक मामलों में दखल देने के लिए बीसीसीआई से नाराजगी जाहिर की। यह उन रिपोर्ट में शामिल था जिसमें कहा गया था कि भारतीय बोर्ड कुछ विदेशी खिलाड़ियों को लीग में शामिल होने से रोक रहा है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स की इस टूर्नामेंट में भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उन्हें केपीएल में खेलने को लेकर धमकी दी गई।

गिब्स ने कहा, उनसे ऐसा कहा गया है कि अगर वह कश्मीर प्रीमियर लीग में खेलते हैं तो उन्हें क्रिकेट से संबंधित किसी भी काम के लिए भारत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, अब बीसीसीआई ने भी इस मामले पर आईसीसी का दरवाजा खटखटाया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की शिकायत का आधार कश्मीर में मौजूदा स्थिति को विवादित क्षेत्र के रूप में मानता है। बीसीसीआई ने तर्क दिया है कि क्या ऐसे जगह पर क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा सकता है जो दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद का केंद्र रहा हो।