लखनऊ,
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर जमकर खलबली मची है। इसके अलावा उत्तराखंड, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर में भी सियासी हलचल तेज है। यूपी में भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ में अहम बैठक की जिसमें मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, केशव प्रसाद मौर्य के अलावा पार्टी के प्रमुख नेता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि पार्टी ने 170 सीटों पर चर्चा की है और उम्मीदवारों को लेकर विचार किया गया। वहीं आज प्रियंका गांधी एआईसीसी की प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली थी लेकिन उसे टाल दिया गया है। प्रेस वार्ता रद्द करने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। साथ ही सभी प्रमुख दल सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार का कार्य करने में जुटे हैं। विधानसभा चुनावों से जुड़े हर अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।
समाजवादी पार्टी को झटके पर झटका: एक तरह बीजेपी विधायक सपा के साथ जा रहे हैं तो वहीं समाजवादी पार्टी के विधायक भी भाजपा से जुड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हरिओम यादव , सिरसागंज से समाजवादी पार्टी से विधायक है, ये भी शामिल हो रहे है। धर्मपाल सपा के पूर्व विधायक है, ये भी शामिल हो रहे हैं। इस तरह से सपा को यूपी में तगड़ा झटका लगता नजर आ रहा है।
यूपी के बीजेपी विधायक अवतार सिंह भड़ाना RLD में शामिल: यूपी के बीजेपी विधायक अवतार सिंह भड़ाना आरएलडी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा सूत्रों का कहना है कि कई अन्य विधायक आज पार्टी छोड़ने वाले हैं।
इमरान मसूद सपा में होंगे शामिल: आज इमरान मसूद पार्टी में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद सपा में शामिल होने की बात चल रही है। बताया जा रहा है कि आज वे सपा में शामिल हो सकते हैं।