नई दिल्ली,
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 से पहले कोच्चि में 23 दिसंबर को मिनी ऑक्शन में 405 में से 80 खिलाड़ी बिके। इनमें 29 विदेशी खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उन्हें पंजाब किंग्स (PBKS) ने 18.50 करोड़ में खरीदा। वहीं कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस (MI) ने 17.50 करोड़ में खरीदा। बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 16.25 करोड़ में खरीदा।
इससे पहले लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी क्रिस मॉरिस थे। उन्हें साल 2021 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ में खरीदा था। हैरी ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ में खरीदा। मयंक अग्रवाल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 8.25 करोड़ में खरीदा। वहीं निकोलस पूरन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर बनगए। उन्हें 16 करोड़ में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16 करोड़ में खरीदा। इससे पहले सबसे महंगे विकेटकीपर इशान किशन थे।
अनकैप्ड खिलाड़ियों की बात करें तो शिवम मावी, मुकेश कुमार और वीरेंद्र सहवाग के भांजे मयंक डागर का जलवा रहा। शिवम मावी को गुजरात टाइटंस ने 6 करोड़ में खरीदा, टैक्सी ड्राइवर के बेटे मुकेश कुमार को 5.5 करोड़ में दिल्ली कैपिटल्स और वीरेंद्र सहवाग के भांजे मयंक डागर को 1.8 करोड़ में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा।