रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित साहू ने युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान में कुत्ते बिल्ली तक को सदस्यता देने की खबर का हवाला देते हुए कहा है कि जैसी सोच है, वैसा व्यवहार युवा कांग्रेस कर रही है। आम तौर पर किस्से सामने आते रहते हैं कि कांग्रेस की तथाकथित विचारधारा के लोग आपस में किस किस प्रजाति के जीवों की तरह आपस में लड़ते रहते हैं। वैसे भी इन दिनों छत्तीसगढ़ सहित देश भर के कांग्रेसी सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईडी के बुलावे पर खिसियानी बिल्ली खम्भा नोंचे वाली कहावत चरितार्थ कर ही रहे हैं तो ऐसे में बिल्लियों को युवा कांग्रेस की सदस्यता देना कोई अचरज की बात नहीं हो।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस की सदस्यता लेने लोग तैयार नहीं हैं। ऊपर से दबाव है कि जैसे भी हो, सदस्य बनाओ तो कांग्रेस के विधायक अपने कार्यकर्ताओं को डिनर और सड़क का लालच दे रहे हैं। ऐसे में युवा कांग्रेस के होनहार दावेदार कैसे पीछे रह सकते हैं।
उन्होंने अपने वरिष्ठों से एक कदम आगे बढ़कर कुत्ते बिल्ली गाय तक को ऑनलाइन आवेदन करा दिया, फोटो वीडियो भी अपलोड किया और बाकायदा चंदा भी जमा कर दिया। लगता है कि दिन रात मची लूटखसोट के बावजूद कांग्रेस की तिजोरी खाली है।
सारा माल जेब में जा रहा है तो कांग्रेस संगठन ने तिजोरी भरने के लिए सदस्यता अभियान चलाया है। अब इंसान तो कांग्रेस के नाम से ही बिदक रहे हैं तो बेचारे युवा कांग्रेसी चंदा देकर कुत्ते बिल्ली को युवा कांग्रेस से जोड़ रहे हैं। युवा कांग्रेस का यह जीव प्रेम स्वागतेय है। अब युवा कांग्रेस का प्रतीक चिन्ह क्या रखना है, यह भी कांग्रेस आलाकमान तय कर ले तो अच्छा है।