बांग्लादेश में नौका में आग लगने से 40 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा झुलसे

पश्चिम बंगाल

बांग्लादेश में शुक्रवार तड़के सुगंधा नदी में 3 मंजिला नौका में आग लगने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग झुलस गए। अधिकारियों ने बताया कि नौका में करीब 800 लोग सवार थे। पुलिस और दमकल के अधिकारियों ने बताया कि ढाका से बारगुना जा रही नौका एमवी अभिजन-10 के इंजन कक्ष में स्थानीय समयानुसार शुक्रवार तड़के 3 बजे आग लग गई। कई यात्री अब भी लापता हैं। दमकल के एक अधिकारी ने स्थानीय चैनल को बताया ‘नदी से 9 शव निकाल लिए गए हैं। घटना में झुलस चुके 72 यात्रियों को बारिशाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।’

‘आग में झुलसने, नदी में डूबने से हुई मौतें’

नौका में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे’
अधिकारियों ने आग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है और 3 दिन में रिपोर्ट सौंपी जाएगी। घायलों की बड़ी संख्या के कारण बचावकर्मियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। नौका में आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए नदी में कूद गए। दुर्घटना में बचे लोगों ने बताया कि नौका में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। बारिशाल दमकल सेवा के उपनिदेशक कमालउद्दीन भुइयां ने बताया कि झलकथी जिले से गुजरने के दौरान संभवत: नौका के इंजन कक्ष से आग की शुरुआत हुई।

‘देखते ही देखते आग ने नाव को चपेट में ले लिया’
अग्नि सेवा नियंत्रण कक्ष ने एक बयान में कहा, ‘सूचना मिलने पर बारिशाल मंडल दमकल सेवा एवं नागरिक रक्षा के उपनिदेशक कमालउद्दीन भुइयां की अगुवाई में 15 अग्निशमन वाहन 3 बजकर 50 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंचे और पांच बजकर 20 मिनट पर आग पर काबू पाया गया।’ समाचारपत्र ‘डेली स्टार’ ने घटना में बाल-बाल बचे व्यक्ति सैदुर रहमान के हवाले से अपनी खबर में बताया, ‘तड़के तीन बजे नौका के इंजन कक्ष में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते इसने पूरी नौका को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान नौका गबखान पुल के पास पहुंच रही थी।’