वृंदावन,
वृंदावन में 31वां हुनर हाट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया |
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को कहा कि पिछले छह वर्षों में सरकार के‘हुनर हाट’ कार्यक्रम के माध्यम से छह लाख से ज़्यादा दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार और रोजगार के अवसर मुहैया कराए गए हैं। मुख्तार अब्बास नकवी मंत्री ने बताया कि आने वाले समय में मैसुरु, गुवाहाटी, पुणे, अहमदाबाद, भोपाल, पटना, पुडुचेरी, मुंबई, जम्मू, चेन्नई, चंडीगढ़, आगरा, प्रयागराज, गोवा, जयपुर, बेंगलुरु, कोटा, सिक्किम, श्रीनगर, लेह, शिलांग, रांची, अगरतला एवं अन्य स्थानों भी पर हुनर हाट के आयोजन की योजना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि‘हुनर हाट’ का ई-प्लेटफार्म हुनरहाट.ओआरजी केंद्र सरकार के ई मार्कट पोर्टल जीईएम से जुड़ा है और यह स्थानीय दस्तकारों और उनके कलात्मक उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों से जोड़ रहा है। लोग इन ई-मार्कट मंचों से सीधे दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के बेहतरीन स्वदेशी सामानों को देख-खरीद रहे हैं। इस अवसर पर मथुरा की सांसद हेमा मालिनी; उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा; उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र उपस्थित थे।
भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीराधा जी के श्री चरणों से पावन हुई 'ब्रज की रज' वृंदावन में आयोजित 'ब्रजरज उत्सव-2021, हुनर हाट' का उद्घाटन… https://t.co/6S21XOayHB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 10, 2021
नकवी ने बताया कि अगले ‘हुनर हाट’ 12 नवम्बर से 21 नवम्बर के बीच लखनऊ; 14 से 27 नवम्बर, प्रगति मैदान, नई दिल्ली; 26 नवम्बर से 5 दिसंबर तक हैदराबाद; 10 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सूरत एवं 22 दिसंबर 2021 से 2 जनवरी 2022 तक नई दिल्ली में होंगें। इसके अलावा देश के अन्य शहरों में भी हुनर हाट आयोजित किए जाएंगे।
नकवी ने कहा कि “स्वदेशी” एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रभावी प्लेटफार्म ‘हुनर हाट’ से जहाँ एक ओर भारत की पारम्परिक-पुश्तैनी कला को जबरदस्त प्रोत्साहन एवं मौका-मार्केट मुहैया हो रहा है,वहीं दूसरी ओर लाखों स्वदेशी दस्तकारों, शिल्पकारों का आर्थिक सशक्तिकरण भी हो रहा है।
ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर के प्रचार-प्रसार के दृष्टिगत ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 10 नवंबर से 19 नवंबर तक ‘ब्रज रज महोत्सव’ का भी आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान हुनर हाट में विभिन्न परंपरागत, लोक नृत्य, सांस्कृतिक, भजन एवं ब्रज संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।















