भोपाल.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के हमीदिया अस्पताल परिसर में सोमवार रात करीब नौ बजे को अस्पताल की तीसरी मंजिल के चाइल्ड वार्ड में आग लगने से वहां भर्ती चार बच्चों की मौत हो गई। परिसर में आग लगने के बाद परिजन अपने बच्चों की तलाश नजर आए ।
फतेहगढ़ दमकल केंद्र के प्रभारी जुबेर खान ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे अस्पताल की इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। मौके पर दमकल की करीब 8-10 गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
बच्चों का असमय दुनिया से जाना बेहद असहनीय पीड़ा है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। इन बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटना में जो घायल हुए हैं, उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो, यही मेरी कामना है।
।। ॐ शांति ।।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) November 8, 2021
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग की घटना बेहद दुखद है। बचाव कार्य तेजी से हुआ, आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश पहले से गंभीर रूप से बीमार होने पर भर्ती चार बच्चों को नहीं बचाया जा सका। उन्होंने बताया कि घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। जांच एसीएस लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मोहम्मद सुलेमान करेंगे। मप्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के अनुसार मृत बच्चों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।















