राजस्थान रॉयल्स को लगा तगड़ा झटका, बटलर-स्टोक्स हुए बाहर

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 का दूसरा फेज 19 सितंबर से यूएई में शुरू होना है। कई टीमों ने यूएई पहुंचकर अपनी ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। इस बीच, लीग की पहली चैंपियन राजस्थान रॉयल्स को दूसरे हाफ के शुरू होने से पहले ही तगड़ा झटका लगा है। टीम के दो शानदार बल्लेबाज जोस बटलर और बेन स्टोक्स लीग के 14वें सीजन से बाहर हो गए हैं। ये दोनों खिलाड़ी अब दूसरे हाफ में नहीं खेलेंगे। राजस्थान रॉयल्स ने इसे कंफर्म भी किया है। फ्रेंचाइजी ने साथ ही इंग्लैंड के इन दोनों स्टार खिलाड़ियों की जगह वेस्टइंडीज के एविन लुईस और ओशेन थॉमस को अपनी टीम में शामिल किया है।  बटलर पिता बनने वाले हैं और अपने बच्चे के जन्म के समय वह अपनी पत्नी के पास ही रहेंगे। वहीं स्टोक्स मेंटल हेल्थ की वजहों से क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। अंगुली में चोट के चलते वह आईपीएल के पहले हाफ में भी नहीं खेल पाए थे। बटलर की जगह आए लुईस इससे पहले मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा थे। 

राजस्थान रॉयल्स ने इससे पहले, आईपीएल 2021 के दूसरे फेज के लिए ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई की जगह साउथ अफ्रीका के तबरेज शम्सी को टीम में शामिल किया था। तबरेज शम्सी टी-20 इंटरनेशनल मं नंबर वन गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई ने परिवार के साथ समय बिताने के लिए आईपीएल 14 से नाम वापसे ले लिया था। शम्सी ने साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में साउथ अफ्रीका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। बाएं हाथ के लेग स्पिनर ने 39 टी-20 इंटरनेशनल में 45 विकेट लिए हैं। 27 वनडे इंटरनेशनल में उन्होंने 32 विकेट लिए हैं। आईपीएल 2016 में शम्सी ने आरसीबी की तरफ से 4 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए हैं।