नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर खेला जा रहा है जिसमें भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लॉर्डस में जीत के बाद कप्तान विराट कोहली के हौंसले काफी बुलंद नजर आ रहे थे और उसी आत्म-विश्वास के चलते विराट सेना इस मैच में पहले बल्लेबाजी के लिये उतरी। हालांकि भारतीय टीम के लिये यह फैसला कुछ खास साबित नहीं हुआ और इंग्लिश गेंदबाजों के सामने वह पूरी तरह से बेबस नजर आये और टेस्ट क्रिकेट में अपने 9वें न्यूनतम स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
भारतीय टीम ने हेडिंग्ले में खेले गये इस टेस्ट मैच में महज 40.4 ओवर बल्लेबाजी की और सिर्फ 78 रन पर ऑल आउट हो गई। यह भारतीय टीम की ओर से टेस्ट क्रिकेट में बनाया गया 9वां सबसे न्यूनतम स्कोर है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या टॉस जीतने के बाद विराट कोहली से फैसला लेने में गलती हुई है या फिर भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन इतना खराब रहा कि वो टीम के लिये अच्छा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे हैं।














