बाड़मेर में बड़ा हादसा, IAF का मिग-21 बाइसन विमान क्रैश; पायलट सुरक्षित

 नई दिल्ली 
राजस्थान के बाड़मेर में बुधवार को भारतीय वायु सेना का मिग-21 बाइसन फाइटर जेट क्रैश हो गया है। घटना में पायलट सुरक्षित है। बताया जा रहा है कि यह हादसा ट्रेनिंग के दौरान हुआ है। राहत की बात रही है कि यह विमान किसी रिहायशी इलाके में नहीं गिरा। विमान के क्रैश होने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। विमान क्रैश होने की मौके पर भारी संख्या में आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

बता दें कि इससे पहले मई महीने में पंजाब के मोगा जिले में वायु सेना का एक मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस घटना में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक पायलट की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि उस समय विमान नियमित प्रशिक्षण के लिए उड़ान भर रहा था, तभी वो हादसे का शिकार हो गया।
 
पुलिस और वायुसेना को पायलट का पता लगाने में 3 घंटे से ज्यादा का समय लगा था। पुलिस ने कहा था कि वह दुर्घटनाग्रस्त इलाके के करीब 8 एकड़ गांव के खेतों में मृत पाया गया था। जानकारी मिली थी कि रात करीब साढ़े नौ बजे जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ लेकिन रात करीब साढ़े 11 बजे इसका पता तब चला जब मोगा पुलिस के आला अधिकारी गांव पहुंचे और पायलट की तलाश शुरू की थी।