भोपाल
कांग्रेस के अंतरित अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आज भोपाल आ रहे हैं। माना जा रहा है कि अब प्रदेश कांग्रेस में कमलनाथ बड़े बदलाव कर सकते हैं। इस क्रम में वे संगठन के कई विभागों के प्रदेश अध्यक्षों को भी बदल सकते हैं।
कमलनाथ ने सोमवार को राहुल गांधी से करीब एक घंटे तक चर्चा की। इस चर्चा में प्रदेश के कई मुद्दे शामिल रहें, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा संगठन को लेकर रहा। कमलनाथ कई दिनों से प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन करना चाह रहे हैं, जिसमें वे जम्बो की जगह इस बार अपनी टीम को छोटी रखना चाहते हैं। वहीं वे कुछ विभागों के अध्यक्षों को भी बदलना चाह रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस में बदलाव करने की सहमति दे दी है। इसके बाद अब जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही कमलनाथ अब केंद्र की राजनीति में भी सक्रिय होंगे।
आदिवासियों को साधने की मुहिम में जुटे
बुधवार को भोपाल में होने वाले आदिवासी सम्मेलन में कमलनाथ शामिल होंगे। हालांकि इस सम्मेलन को गैर राजनीतिक कहा जा रहा है, लेकिन बताया जाता है कि इस सम्मेलन का आयोजन कमलनाथ के कहने पर ही किया जा रहा है। उन्होंने इस सम्मेलन की थीम ‘एक तीर एक कमान- आदिवासी एक समान ’ पहले ही तय कर ली थी। इस थीम पर ही बुधवार को आदिवासी सम्मेलन आयोजित हो रहा है। जिसमें आदिवासियों के सशक्तिकरण के साथ ही आदिवासियों की समस्याओं और उनके विकास को लेकर बातचीत की जाएगी।















