भोपाल
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा है कि मध्यप्रदेश शासन प्रदेश में प्रचुर मात्रा में रोजगार सृजन के लिए औद्योगिक निवेश से उद्योगों का जाल बिछाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। मंत्री सखलेचा सोमवार को चिकित्सा शिक्षा, गैस राहत एवं पुनर्वास मंत्री विश्वास सारंग के साथ भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों में आवागमन में सुगमता के दृष्टिगत 642.98 लाख रुपये से निर्मित होने वाली सीसी रोड कार्य का भूमिपूजन कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक मती कृष्णा गौर तथा अध्यक्ष, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अमरजीत सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि सीसी रोड निर्माण से औद्योगिक निवेश और बेहतर हो सकेगा तथा आवागमन के साधन भी सुगम हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र से जुड़कर सभी औद्योगिक इकाइयां अपना विस्तार कर सकेंगी। आगामी वर्षों में गोविंदपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया क्षेत्र का और अधिक विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में औद्योगिक विनिवेश की बेहतर संभावनाएँ है।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों के निर्माण से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार औद्योगिक विनिवेश और औद्योगिक नीतियों के बेहतर प्रबंधन के लिए अग्रसर है। आगामी वर्षों में प्रदेश में क्लस्टर आधारित कई औद्योगिक संरचनाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन करने में मध्यप्रदेश देश अग्रणी है। आगामी समय में प्रदेश में ऑटोमोबाइल्स, फर्नीचर, मेडिकल और इंजीनियरिंग क्लस्टर के लिए बेहतर विकल्प मौजूद हैं।
मंत्री सखलेचा ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहा कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में लागू किये गये औद्योगिक भूमि तथा आवंटन एवं प्रबंधन नियम-2021 ने प्रदेश में छोटे-छोटे उद्योगों को लगाने में नव-उद्यमियों के लिए भूखंड की सुगम उपलब्धता कराई है। उन्होंने कहा कि नव-उद्यमी औद्योगिक क्षेत्रों के अविकसित भूखंड भी ले सकेंगे और अपने उद्यम की जरूरत के हिसाब से भूखंडों का विकास और आवश्यक निर्माण कर सकेंगे।
मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र मिलकर नए क्लस्टर आधारित उद्योगों की स्थापना करें
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को और मजबूती प्रदान करने के लिए उसके उन्नयन और उत्थान के लिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर खाका तैयार करें। उन्होंने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र मिलकर नए क्लस्टर आधारित उद्योगों की स्थापना करें। लैंड यूज़ के लिए प्रस्ताव तैयार करें। मंत्री सारंग ने मंत्री सखलेचा की प्रंशसा भी की, उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के व्यवसायियों को कई सौगातें दी गई हैं, जिसके परिणाम आगामी समय में लाभदायक होंगे।
गोविंदपुरा विधायक मती कृष्णा गौर ने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मंत्री द्वय द्वारा कई योजनाओ को मूर्तरूप दिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि यह पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर (बाबूजी) का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। मती कृष्णा गौर ने मंत्री द्वय को सीवेज सहित अन्य सुविधाओं के लिए भी आग्रह किया।














