अफगान महिला ने अमेरिकी सेना के विमान में बच्ची को दिया जन्म

बर्लिन
एक अफगान महिला ने रविवार को अमेरिकी सेना के विमान में बच्ची को जन्म दिया। रेस्क्यू की गई महिला ने जर्मनी जाते समय बच्ची को जन्म दिया। अमेरिकी एयरफोर्स ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। गनीमत है कि यह बच्ची तालिबानी साये से बच गई, जो बेटियों के लिए बेहद कट्टर और क्रूर है।  मध्य पूर्व में एक स्टेजिंग बेस से उड़ान के दौरान, महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। यूएस एयर मोबिलिटी कमांड ने कहा, ''एयरक्राफ्ट कमांडर ने विमान में हवा का दबाव घटाने के लिए विमान की ऊंचाई कम कर दी, जिसने मां को स्थिर करने और उसकी जिंदगी बचाने में मदद की।'' जर्मनी के रामस्टीन बेस में लैंडिंग के तुरंत बाद अमेरिकी सेना के डॉक्टरों ने विमान के कार्गो होल्ड में बच्ची को जन्म देने में मदद की। इसके बाद महिला और बच्ची को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया, जहां उनकी अच्छी बताई जा रही है। अमेरिकी सेना की ओर से जारी तस्वीर में दिख रहा है कि महिला को एक स्ट्रचर के जरिए विमान से निकाला जा रहा है।

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के एक सप्ताह बाद कई देश अपने नागरिकों को निकालने में जुटे हैं। अमेरिका पिछले 20 सालों में सेना की मदद करने वाले अफगानी नागरिकों को भी रेस्क्यू कर रहा है। अमेरिका ने 14 अगस्त से अब तक 2,500 अमेरिकी नागरिकों सहित 17 हजार लोगों को बाहर निकाला है। अमेरिका को बर्लिन ने बचाए गए कुछ लोगों को अपने यहां शिफ्ट करने की इजाजत दी है। शनिवार को रामस्टीन बेस पर 1,150 लोग लाए गए।