कल्याण सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

लखनऊ 
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमात बड़े नेताओं ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल्याण सिंह जी जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उनके बेटे राजवीर से बात हुई।  अपने दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह जी की आभारी रहेंगी। वह दृढ़ता से भारतीय मूल्यों में निहित थे और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे। कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए।

अमित शाह ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किये। उन्होंने कहा कि जन-जन के हृदय में बसने वाले प्रखर राष्ट्रवादी आदरणीय कल्याण सिंह जी जैसा महान व्यक्तित्व ढूंढने पर विरला ही मिलता है। बाबूजी ने अपनी कर्मठता से विभिन्न संवैधानिक पदों पर रहते हुए किसान, गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर देश की प्रगति में अपना अनुपम योगदान दिया।राष्ट्र, धर्म व जनता को समर्पित ऐसे विराट व आदर्शपूर्ण जीवन को मैं कोटि-कोटि नमन करता हूँ। उनके निधन से देश व समस्त भाजपा परिवार शोकाकुल है। ये देश व आने वाली पीढ़ियाँ उनके वृहत योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेंगी। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ॐ शान्ति शान्ति शान्ति 

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कल्याण सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। लाखों कार्यकर्ताओं को पार्टी की सेवा के लिए तैयार करने वाले “बाबू जी” की छवि सदैव हमारे मन-मस्तिष्क में विराजमान रहेगी। कल्याण सिंह जी ने देश की राजनीति को नयी दिशा दिखाई। प्रभु श्री राम उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। दूसरे ट्वीट पर नड्डा ने लिखा कल्याण सिंह जी ने सदैव गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व अधिकारों हेतु संघर्ष किया।उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कभी भी आदर्शों से समझौता नहीं किया। उनके पुत्र राजवीर सिंह जी और परिवारजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना। ॐ शांति!

कल्याण सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। लाखों कार्यकर्ताओं को पार्टी की सेवा के लिए तैयार करने वाले “बाबू जी” की छवि सदैव हमारे मन-मस्तिष्क में विराजमान रहेगी। कल्याण सिंह जी ने देश की राजनीति को नयी दिशा दिखाई। प्रभु श्री राम उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शोक जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्री कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतृप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि! 

कल्याण सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इसके चलते उनको लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में भर्ती कराया गया था। कल्याण सिंह के निधन से यूपी समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सीएम योगी ने कल्याण सिंह के निधन पर यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को अतरौली में अंत्येष्टि होगी। उस दिन पूरे यूपी में सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा।