बिहार बाढ़: रौद्र हुई गंगा, कहलगांव शहर में घुसा पानी, दर्जनों गांवों का सड़क से टूटा संपर्क

 कहलगांव 
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर गंगा ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। गंगा और सहायक नदियों के जलस्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर बाढ़ की स्थिति काफी भयावह हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में दहशत व्याप्त हो गया है। भागलपुर जिले के कहलगांव शहर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। शहर के कागजी टोला, राजघाट रोड स्थित सिकड़गढ़ टोला, सतीघाट मुहल्ला, कुलकुलिया, सिंचाई कॉलोनी आदि मुहल्ले बाढ़ प्रभावित हो गये हैं। कहलगांव के अंचलाधिकारी रामावतार यादव ने बताया कि कहलगांव प्रखंड के सात पंचायत पूर्ण प्रभावित तो चार पंचायत आंशिक तौर पर प्रभावित हैं। 

वहीं उन्होंने बताया कि 34 गांवों में सामुदायिक किचन संचालन को लेकर चिह्नित किया गया है जिसमें से अबतक 23 स्थानों पर सामुदायिक किचन की शुरुआत कर दी गई है। बाढ़ प्रभावित छह पंचायतों में 18 सरकारी नौकाएं उपलब्ध कराई गई हैं। 

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, मंगलवार को कहलगांव में गंगा का जलस्तर बढ़कर 32.55 मीटर पर जा पहुंचा है जो खतरे के निशान से एक मीटर 46 सेंटीमीटर ऊपर हो गया है। वहीं पूर्वानुमान में बताया गया है कि बुधवार रात दस बजे तक जलस्तर बढ़कर 32.61 मीटर पर पहुंच जाएगा।