अन्य खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बन गए हैं विवेक : श्रीमती सिंधिया

भोपाल

टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर विश्व में देश का परचम फहराने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टॉर खिलाड़ी विवेक सागर आज सुबह राजा भोज विमानतल भोपाल पहुँचे। उनका भोपाल विमानतल पर उनका पुष्पहार पहनाकर गर्मजोशी और ढ़ोल-ढमाकों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

विवेक सागर के स्वागत के लिए एयर पोर्ट पहुँची खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया उस वक्त भावुक हो उठी जब उन्हें विवेक सागर ने टोक्यो ओलंपिक में जीता मैडल उनके हाथ में सौपा। खेल मंत्री ने मैडल को पहले अपने मस्तष्‍क से लगाया फिर मैडल विवेक के गले में पहनाकर वे भावुक हो गई और उनकी आँखे खुशी से नम हो गईं। जब विवेक सागर से पूछा गया कि अगली बार स्वर्ण पदक लाएंगे तो विवेक सागर का कहना था कि जी हाँ, मैं मैडल का कलर चेंज करना चाहूँगा। उनकी इस बात पर खेल मंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए करतल ध्वनि से विवेक की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब शुरुआत तो हो गई है। विवेक सागर ने आसमान को छू लिया है। दूसरे खिलाडियों के लिए विवेक सागर रोल मॉडल बन गए हैं। अन्य खिलाड़ियों को चाहिए कि वे भी विवेक सागर की तरह पदक जीतकर आसमान को छूएं। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि विवेक सागर ने यह साबित कर दिखाया है कि मध्यप्रदेश भी ओलंपिक मैडल जीत सकता है।

इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण  पवन जैन, संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान और  बीएस यादव सहित अन्य अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे।