दुबई
दुबई (Dubai) की अमीरात एयरलाइंस (Emirates airline) का एक विज्ञापन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इस वीडियो विज्ञापन में देखा जा सकता है कि अमीरात की फ्लाइट अटेंडेंट (Flight Attendant on Burj Khalifa) के रूप में एक महिला एयरलाइन की खूबियों को एक तख्ती के जरिए बता रही है. इस दौरान वह तख्तियों पर लिखे अलग-अलग मैसेज को दिखा रही है. आखिरी तख्ती पर लिखे मैसेज को दिखाने के बाद कैमरा जूम आउट होता है और इस दौरान फ्लाइट अटेंडेंट को दुनिया की सबसे ऊंची और 828 मीटर ऊंचे बुर्ज खलीफा (Burj Khalifa) पर खड़े हुआ देखा जा सकता है.
दरअसल, इस वीडियो के सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि इस वीडियो को स्पेशल इफेक्ट्स और ग्रीन स्क्रीन के जरिए तैयार किया गया है. ऐसे में एयरलाइन आगे आई और इसने स्पष्ट किया कि इसे ग्रीन स्क्रीन और स्पेशल इफेक्ट्स के बिना शूट किया गया था. दुनिया की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की फ्लैग कैरियर अमीरात एयरलाइन ने इस विज्ञापन को कैसे तैयार किया, इसका वीडियो भी शेयर किया है. 30 सेकेंड के इस विज्ञापन में देखा सकता है कि आधी वीडियो के बाद कैमरा जूम होता है और फ्लाइट अटेंडेंट काफी ऊंचाई पर खड़ी दिखाई देती है.
अमीरात ने बताया कैसा था टॉप पर हाल?
पेशेवर स्काइडाइविंग इंस्ट्रक्टर निकोल स्मिथ-लुडविक को विज्ञापन में केबिन क्रू के सदस्य के तौर पर देखा जा सकता है. जैसे ही कैमरे का फोकस जूम आउट होता है, दर्शकों को पता चलता है कि फ्लाइट अटेंडेंट लाल अमीरात टोपी और एयरलाइन की ड्रेस के साथ बुर्फ खलीफा के टॉप पर खड़ी है. इस दौरान दुबई की स्काईलाइन को भी देखा सकता है. एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘इमारत के टॉप पर और 828 मीटर की ऊंचाई वाली इस जगह पर फ्लाइट अटेंडेंट के पासपर सिर्फ 1.2 मीटर स्थान ही खड़ा होने के लिए था.’ इसने कहा, ‘जमीन से 828 मीटर की ऊंचाई पर फिल्माया गया ये सबसे अधिक ऊंचाई पर बनाया गया विज्ञापन है.’
















