10 अगस्त से PG कोर्स में प्रवेश कराने काउंसलिंग का आगाज करेगा DTE

भोपाल
तकनीकी शिक्षा विभाग ने अपने एक दर्जन यूजी-पीजी कोर्स में प्रवेश कराने के लिए काउंसलिंग कराने की व्यवस्था बना ली है। आयुक्त तकनीकी शिक्षा मुकेश चंद्र गुप्ता काउंसलिंग का आगाज पीपीटी, बीफार्मा और डीफार्मा से करने जा रहे हैं। एमबीए और एमसीए में आयुक्त गुप्ता प्रथम और द्वितीय वर्ष के रिजल्ट के आधार पर प्रवेश कराएंगे।

एमपी बोर्ड और सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। रिजल्ट को देखते हुए आयुक्त गुप्ता ने समय को बर्बाद करने से बचाने के लिए काउंसलिंग का कार्यक्रम तैयार कर लिया है। इसके तहत पॉलीटेक्निक की  28 हजार, बीफार्मा-डीफार्मा की 17 हजार सीटों पर प्रवेश कराने के लिए दस अगस्त से काउंसलिंग की शुरुआत करेंगे।

अभी तक प्रदेश के विवि यूजी के अंतिम वर्ष के रिजल्ट जारी नहीं कर सके हैं। इसलिए आयुक्त गुप्ता एमबीए और सीसीए की करीब 23 हजार सीटों पर प्रवेश कराने के लिए 18 अगस्त से काउंसलिंग कराएंगे। इसमें विद्यार्थियों को प्रथम और द्वितीय वर्ष के अंक जोड़कर मेरिट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। इसके साथ एमफार्मा और एमई व एमटेक की काउंसलिंग शुरू की जाएगी।

आयुक्त गुप्ता को सबसे ज्यादा चिंता इंजीनियरिंग कॉलेज के सीटों पर होने वाले प्रवेश को लेकर है। क्योंकि कोरोना संकट के चलते जेईई मैंस और एडवांस होना शेष है। उनके रिजल्ट के बाद ही वे इंजीनियरिंग की काउंसलिंग शुरू करा सकेंगे। वहीं बी आर्किटेक्चर व प्लानिंग में भी जेईई मैंस के आधार पर प्रवेश दिए जाते हैं। इसलिए विभाग दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट आने के बाद ही दोनों कोर्स की काउंसलिंग शुरू कराएगा। एआईसीटीई सभी कॉलेजों की मान्यता और निरंतरता 10 अगस्त को जारी कर देगा। आरजीपीवी भी 10 अगस्त तक संबद्धता जारी करेगा। इसलिए विभाग ने 10 अगस्त के बाद ही काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया है।

आयुक्त गुप्ता प्री पॉलीटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) को छोड़ 10वीं के आधार पर पॉलीटेक्निक में प्रवेश कराएंगे। वहीं, बीफार्मा में 12वीं की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाते हैं। 10 अगस्त से होटल मैनमेंट, पांच वर्षीय एमबीए व एमसीए ड्योल डिग्री, फार्म डी और आर्किटेक्चर की काउंसलिंग 15 अगस्त से शुरू कराएगा।