इंदौर
देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात हमारे वीर जवानों की कलाई सूनी न रहे इसके इंतजाम रक्षाबंधन से पहले ही इंदौर में किए जा रहे हैं. यहां डाक विभाग ने राखियों का एक स्पेशल काउंटर बनाया है. यहां एक ही छत के नीचे दो सौ प्रकार की राखियां उपलब्ध कराई गई हैं. इसके अलावा सैनिकों के लिए ग्रीटिंग कार्ड, पत्र और शुभकामना संदेश भी भेजने की व्यवस्था की गई है.
भाई बहन के पवित्र रिश्ते का त्यौहार रक्षाबंधन 22 अगस्त को है. उससे पहले ही इंदौर में डाक विभाग ने एक नई पहल करते हुए बहनों के लिए न केवल राखियों की बल्कि कुमकुम, चावल और आकर्षक लिफाफों की व्यवस्था की है. ताकि वे न केवल सीमा पर तैनात जवानों को बल्कि अपने भाइयों को राखी भेज सकें. डाक विभाग ने जीपीओ पर राखी काउंटर की शुरूआत की है जिसमें दो से ज्यादा प्रकार की 5 हजार से ज्यादा राखियां उपलब्ध हैं. इनमें गुजरात से लेकर राजस्थान की राखियां शामिल हैं. इसके साथ ही बहनों को कुमकुम-चावल और हल्दी की व्यवस्था की गई है.
इंदौर डाकघर के वरिष्ठ पोस्ट मास्टर श्रीनिवास जोशी का कहना है हमारे देश की सरहद पर तैनात हमारे जांबाज सैनिकों के लिए न केवल उनकी बहनें बल्कि कई संस्थाएं राखी भेजती हैं. उसके लिए पोस्ट ऑफिस में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. इसके लिए अलग काउंटर और लेटर बॉक्स लगाया गया है. इस विशेष राखी काउंटर पर चंदेरी, राजस्थानी, मूंगामोती, देव राखी जैसी करीब दो सौ प्रकार की राखियां हैं. इन्हें भेजने के लिए स्पेशल लिफाफे भी तैयार किए गए हैं. सावन का महिना चल रहा है. इस दौरान सभी शिवभक्तों की कामना होती है कि वे भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करें. इसमें सबसे ज्यादा महात्व गंगाजल का होता है, इसलिए भक्तों की सुविधा के लिए सीधे गंगोत्री से गंगाजल मंगाकर उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है,क्योंकि भक्त गंगाजल से अभिषेक कर अपने आपको धन्य मानता है.















