Sri Lanka vs India : श्रीलंका ने भारत को दूसरे टी20 मुकाबले में चार विकेट से हरा दिया है.भारत ने पहले बैटिंग करते हुए पांच विकेट पर 132 रन का स्कोर खड़ा किया था. तीन मैच की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबर हो गई हैं. अब दोनों टीमें 29 तारीख को आखिरी मैच में आमने-सामने होंगी. इसमें जो जीतेगा वह टी20 सीरीज अपने नाम कर लेगा.
भारत ने जीत के लिए 133 रन का लक्ष्य दिया था. इसे श्रीलंका ने आखिरी ओवर में दो गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. श्रीलंका की जीत के नायक धनंजय डिसिल्वा रहे जिन्होंने नाबाद 40 रन बनाए. विजयी रन भी उनके बल्ले से ही निकले. उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया लेकिन वे एक छोर पर डटे रहे जिससे श्रीलंका लक्ष्य तक पहुंच गई.
इस सीरीज में अब ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के भारत के नौ खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं. ये सभी क्लोज कॉन्टेक्ट होने से सीरीज से बाहर हो गए. ऐसे में दूसरे टी20 में भारत ने छह विशेषज्ञ गेंदबाजों को उतारा जिनमें तेज गेंदबाज नवदीप सैनी भी शामिल थे जिनसे एक भी ओवर नहीं कराया गया. भारतीय टीम में आईपीएल सितारों ऋतुराज गायकवाड़, देवदत्त पडिक्कल, नीतिश राणा और चेतन साकरिया को जगह दी गई.















