भोपाल
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि शासकीय चिकित्सालयों में मरीजों को उपचार, दवाइयाँ और उनकी देखभाल के संबंध में मरीजों से मिले सकारात्मक फीडबैक से आश्वस्त हैं कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिये किये जा रहे प्रयासों के परिणाम है कि प्रदेश के पड़ोसी राज्यों के मरीज उपचार कराने के लिये प्रदेश के शासकीय चिकित्सालयों में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि झालावाड़, राजस्थान से मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती मरीज विनोद ने कहा कि उन्हें इमरजेंसी में पेट-दर्द के चलते इलाज के लिये भर्ती होना पड़ा। उन्होंने बताया कि मंदसौर जिला अस्पताल में बेहतर व्यवस्थाओं और अच्छा इलाज मिलने के चलते वह भर्ती हुए और अब उनका स्वास्थ्य ठीक है। विनोद ने अस्पताल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना भी की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएँ दीं। प्रदेश के जिला अस्पतालों में मिल रहे उपचार और अन्य सुविधाओं के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सीधे मरीजों से वीडियो कॉल कर फीडबैक प्राप्त करते हैं। इसी अनुक्रम में सोमवार को उन्होंने होशंगाबाद और मंदसौर के जिला अस्पतालों में भर्ती मरीजों से चर्चा की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने होशंगाबाद में जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से पूछा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएँ कैसी हैं। डॉक्टर एवं नर्सेस समय पर देख रेख करते हैं कि नहीं। भोजन कैसा मिलता है। साफ-सफाई व्यवस्था कैसी हैं। मरीज कृष्णाबाई ने बताया कि अधिक रक्तस्त्राव होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने सिविल सर्जन से कहा कि स्त्रीरोग विशेषज्ञ से चर्चा कर कृष्णाबाई के इलाज की विशेष देखभाल करने के साथ ही जानकारी मुझे उपलब्ध करवायें। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज प्राची एवं मिथिलेश चौरे द्वारा भी स्वास्थ्य की जानकारी देकर बताया कि अस्पताल में डॉक्टर्स एवं नर्सेस द्वारा मरीजों की निरंतर देखरेख की जाती है। भोजन एवं दवाइयां समय पर दी जाती हैं। अस्पताल में सभी व्यवस्थाएँ बहुत अच्छी हैं।
मंदसौर जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज सुनील, राहुल चंद्र ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी को बताया कि अस्पताल में दवाई एवं अन्य व्यवस्थाएं समय प्राप्त हो रही है। सभी मरीजों द्वारा बताया कि अस्पताल में ठीक से इलाज व देखरेख होती है। स्टाफ द्वारा बहुत अच्छा व्यवहार किया जाता है। अस्पताल में दवाई, गोलियाँ निःशुल्क मिलती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने मंदसौर जिला अस्पताल के सिविज सर्जन डॉ. डी.के. शर्मा से अस्पताल की व्यवस्थाओं, कोरोना की संभावित तीसरी लहर एवं अस्पताल की जरूरी व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की। सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएँ, दवाई, नर्स सेवा, ऑक्सीजन एवं आईसीयू बेड की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में पर्याप्त ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार किये जा चुके है।















