कोरोना की थमती लहर के बीच भी इन पांच राज्यों में बढ़ रहे मामले

दिल्ली

भारत में सोमवार को कोरोना वायरस के 37 हजार 154 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद अब देश में कुल केस 3 करोड़ 8 लाख 74 हजार 376 हो गए हैं। अब देश में इलाजरत मरीजों की संख्या कुल मामलों का 1.46 फीसदी है। फिलहाल भारत में कोरोना के 4 लाख 50 हजार 899 ऐक्टिव केस हैं। हालांकि, अभी भी पांच राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले दर्ज हो रहे हैं। केंद्र सरकार भी इन राज्यों से चिंतित है और अब कोरोना संक्रमण की बढ़ोतरी वाले राज्यों में केंद्रीय टीमें भी रवाना कर दी गई हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार ने बताया कि जिन राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, केंद्र सरकार पहले ही वहां अपनी टीमें भेज चुकी हैं। जिन राज्यों में कोरोना के मामले कम नहीं हो रहे हैं उनमें महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश शामिल हैं।

 

महाराष्ट्र में घट नहीं रहे नए केस

कोरोना महामारी की शुरुआत से ही महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह से प्रभावित राज्य रहा है। दूसरी लहर के ढलने के बावजूद राज्य में रोजाना 8 से 10 हजार नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। रविवार को भी यहां 8 हजार 535 नए केस के साथ 156 मौतें भी दर्ज की गई हैं। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण का कुल आंकड़ा 61 लाख 57 हजार 799 तक पहुंच गया है। वहीं, पिछले 24 घंटे में ही यहां कोरोना से 6 हजार 13 मरीज ठीक हुए हैं। मुंबई में ही अकेले 558 नए केस आए हैं और 15 मौतें हुई हैं। कोलहापुर, सतारा, पालघर, रायगढ़, सिंदुदुर्ग, रत्नागिरी, पुणे (ग्रामीण) और संगली कुछ ऐसे जिले हैं जहां कोरोना संक्रमण के केस और पॉजिटिविटी दर सबसे ज्यादा हैं।

 

केरल

रविवार को अकेले केरल में ही कोरोना के 12 हजार 220 नए केस आए हैं। अब तक राज्य में कोरोना के कुल 30 लाख 65 हजार 336 केस दर्ज हुए हैं और इस वायरस ने 14 जार 586 जानें भी ली हैं। केरल में कोरोना के अलावा जीका वायरस ने भी पैर पसारने शुरू कर दिया है। राज्य में रविवार को जीका वायरस के तीन और नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद इसकी कुल संख्या 18 तक पहुंच गई है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि जीका वायरस कोरोना की तरह तेजी से नहीं फैलेगा।

 

कर्नाटक

बीते 24 घंटे में कर्नाटक में कोरोना के 1 हजार 978 नए मामले आए हैं और इस दौरान 56 मरीजों ने कोरोना के कारण दम भी तोड़ा है। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 28 लाख से ज्यादा केस आ चुके हैं तो वहीं 35 हजार 835 लोगों की जान भी गई है। कर्नाटक में बेंगलुरु (शहरी) सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका है तो वहीं इसके बाद मैसूर और दक्षिण कन्नड़ इलाकों में भी सबसे ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं।

 

तमिलनाडु

तमिलनाडु में रविवार को कोविड-19 के 2 हजार 775 नए मामले आए हैं। इसके बाद अब राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 25.18 लाख तक पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में राज्य में 47 कोरोना मरीजों की जान गई है और अभी तक इस वायरस ने कुल 33 हजार 418 लोगों की जान ली है। 

 

आंध्र प्रदेश

रविवार को आंध्र प्रदेश में कोरोना के 2 हजार 665 नए केस दर्ज किए गए हैं। राज्य में कोरोना से कुल 13 हजार लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 16 की जान बीते 24 घंटे में गई है। राज्य में ईस्ट गोदावरी, चित्तूर और वेस्ट गोदावरी में सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।