गैस पीड़ित कल्याणी को अब एक हजार रुपये पेंशन

भोपाल
 नवदुनिया स्टेट ब्यूरो। शि‍वराज सरकार भोपाल गैस त्रासदी से पीड़ित साढ़े चार हजार कल्याणी (विधवा) को एक हजार रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त पेंशन देगी। इन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत छह सौ रुपये प्रतिमाह पेंशन पूर्व की भांति मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिसंबर 2020 में अतिरिक्त पेंशन देने की घोषणा की थी लेकिन उस पर अभी तक अमल नहीं हो पाया था। मंगलवार को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में गैस राहत एवं पुनर्वास विभाग इसके संबंध में प्रस्ताव अंतिम निर्णय के लिए प्रस्तुत करेगा। यह योजना दिसंबर 2019 में बंद हो गई थी।

वर्ष 2010 में केंद्र सरकार ने भोपाल गैस त्रासदी में दिवंगत हुए व्यक्तियों की करीब पांच हजार कल्याणियों (विधवा) को पांच साल के लिए एक हजार रुपये प्रतिमाह सामाजिक पुनर्वास मद में पेंशन देने की कार्ययोजना को मंजूरी थी। इसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रविधान किया था। इसमें 75 फीसद हिस्सा केंद्र और बाकी 25 प्रतिशत राज्य सरकार का अंशदान था। मई 2011 से योजना प्रारंभ हुई। सरकार ने जनवरी 2018 में निर्णय लिया कि जिन्हें पेंशन प्राप्त करते पांच साल हो गए हैं, उन्हें दो वर्ष अतिरिक्त पेंशन का भुगतान किया जाए।

इसमें कुल चार हजार 474 कल्याणियों को दिसंबर 2019 तक पेंशन मिली और फिर यह बंद हो गई। तब से ही महिलाओं और विभिन्न् संगठनों की ओर से पेंशन दोबारा प्रारंभ करने की मांग हो रही थी। मुख्यमंत्री ने दिसंबर 2020 में इसकी घोषणा की। बताया जा रहा है कि विभाग ने इसके लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत कल्याणी गैस पीड़ित पेंशन का प्रविधान किया है।