ग्वालियर
पुलिस ने डबरा के लोहगढ़ के पास भितरवार रोड पर वकील से 1.70 लाख रुपए की लूट का खुलासा कर दिया है। दो बदमाश पकड़े हैं, जिनसे 315 बोर का कट्टा और 1.20 लाख रुपए बरामद हो गए हैं। गिरोह का तीसरा साथी और मास्टर माइंड अभी फरार है। लुटेरों से खुलासा हुआ है कि वह 20 दिन से वकील की रैकी कर रहे थे। कुछ समय पहले लूट के लिए 2 हजार रुपए में कट्टा खरीदा था। इसी कट्टे की दम पर 1.70 लाख रुपए लूट ले गए थे। तीसरे लुटेरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। लुटेरों ने पूछताछ में टेकनपुर पर बंदूक लूट वारदात भी स्वीकार की है।
यह है पूरा मामला
3 जुलाई दोपहर डबरा देहात के लोहगढ़ पहाड़ी के पास भितरवार रोड पर वकील बसंत शर्मा से बाइक सवार तीन बदमाश कट्टा अड़ाकर नकदी से भरा बैग लूट ले गए थे। बैग में 1 लाख 70 हजार रुपए रखे थे। वकील भितरवार से रुपए लेकर लौट रहे थे। जिस जगह पर घटना हुई थी उसी पॉइंट पर एक महीने पहले एक कारोबारी के मुनीम से भी इसी अंदाज में बदमाश बैग छीनकर ले गए थे। वारदात के बाद एडवोकेट बसंत शर्मा की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। स्पॉट के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, लेकिन कुछ दूरी पर एक घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। यहां पुलिस ने चेक किया तो बाइक सवार तीनों बदमाशों के चेहरे पुलिस को मिले थे। इसी से पहचान कर पुलिस इनके पास तक पहुंची।
















