राज्यमंत्री परमार ने सौंपे मुख्यमंत्री बाल श्रवण उपचार योजना के आपरेशन स्वीकृति पत्र

 भोपाल
स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार ने आज शुजालपुर में मुख्यमंत्री बाल श्रवण उपचार योजना के तहत मूक बधिर 3 बच्चों के आपरेशन के लिए कुल 19.50 लाख रुपए की राशि के स्वीकृति पत्र सौंपे। मूक बधिर 3 बच्चों में ग्राम रायपुर की संध्या, तिलावद गोविंद के अंश तथा सिहोदा की दीक्षा को आपरेशन के लिए प्रत्येक को 6.50-6.50 लाख रूपये राशि के पत्र सौंपे। इन बच्चों ने विक्ट्री का निशान बनाते हुए, चेहरे पर जिंदगी की झंकार पाने वाली मुस्कान के साथ रवानगी ली। चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार आपरेशन के बाद एक साल की स्पीच थैरेपी के बाद ये बच्चे बोलने- सुनने लगेंगे।

राज्य मंत्री परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री बाल श्रवण उपचार योजना जन्मजात विकृति से पीड़ित गरीब परिवार के बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना में सात साल तक के बच्चे जो जन्म से मूक बधिर हैं, उन्हें बोलने-सुनने की क्षमता देने मध्यप्रदेश में कोकलीयर इंप्लानट आपरेशन के लिए 6.50 लाख रूपये की मदद दी जाती है।

मुख्यमंत्री बाल श्रवण उपचार योजना दे रही जिंदगी की नई झंकार
जिंदगी में सन्नाटा लिए पैदा हुए इन बच्चों को मुख्यमंत्री बाल श्रवण उपचार योजना अब जिंदगी की नई झंकार दे रही है। इन तीन मासूमों को नई जिंदगी की उम्मीद का उजाला सरकारी मदद से जल्द पूरा होगा। शाजापुर के ग्राम चितोड़ा के प्रवीण राजपूत को आपरेशन कराए 5 साल हो गए और अब ये बोल- सुन सकते हैं। इसी तरह सामान्य बच्चों के स्कूल में पढ़ने वाला प्रवीण अब नाम,पता सब बताता है और संज्ञा की परिभाषा के साथ गणेश वंदना भी बखूबी करता है।