वन विभाग द्वारा घर तक पहुंचाकर दिए जा रहे है नि:शुल्क पौधे

रायपुर
पर्यावरण प्रदूशण को बचाने के लिये सरकार के पौधा तुंहर द्वार कार्यक्रम के तहत वन विभाग द्वारा रायपुर जिले में घर तक पहुंचाकर नि:शुल्क पौधे नागरिकों को प्रदान किए जा रहें है। अभी तक राजधानी रायपुर में करीब 5 हजार पौधो का वितरण किया जा चुका वहीं पूरे प्रदेश में अभी तक 2 लाख 32 हजार पौधो का नि:शुल्क वितरण हुआ है। अभियान के तहत 31 जुलाई तक पौधों की मांग की जा सकती है। योजना का उदे्रश्य रायपुर जिले के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को प्रदूषणमुक्त और हरा-भरा बनाना है।

जिला वनमंडलाधिकार रायपुर विश्वेष कुमार ने बताया कि रायपुर नगर निगम में पौधा तुंहर द्वार के माध्यम से नागरिकों को पौधे प्रदाय करने के लिए दो विशेष वाहन लगाए गए हैं। इसके अलावा जिले की गांवों में भी नागरिकों तक पहुंच कर पौधों का वितरण किया जा रहा है। अभियान के तहत जहां फलदार वृक्ष जैसे आम, कटहल, जामुन, मुनगा, इमारती एवं छायादार वृक्ष जैसे पीपल, नीम, बरगद, करंज, खम्हार, बैहरा, फूलदार वृक्ष जैसे गुलमोहर, कचनार आदि के पौधे नि:शुल्क प्रदाय किए जा रहें है।

वनमंडलाधिकारी ने बताया कि इसी तरह विभागीय योजना के तहत सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, तथा अन्य संस्थाओं, एन.जी.ओ, पंचायतों, पुलिस, आर्म्रड फोर्स, शासकीय कार्यलय तथा नागरिकों को भी वन विभाग के नर्सरी के माध्यम से नि:शुल्क पौधे दिए जा रहें हैं। इसके लिए वन विभाग के कार्यालय या वन विभाग के माना एवं गौढ़ी नर्सरी से संपर्क किया जा सकता है। अभी तक इस योजना के तहत 2 लाख 32 हजार पौधो का नि:शुल्क वितरण किया जा चुका है।