बच्चों और गर्भवती महिलाओं के उपचार के लिये पीसी सेठी अस्पताल में रहेगी विशेष व्यवस्था

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को इंदौर में पीसी सेठी शासकीय चिकित्सालय पहुँचकर संभावित कोरोना की तीसरी लहर से पूर्व बनाये गए 20 बिस्तरीय आईसीयू की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह आईसीयू बच्चों और गर्भवती महिलाओं के उपचार के लिये विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन से ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने तीसरी मंजिल पर बने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई और दूसरी मंजिल पर पुराने वार्ड का जीर्णोद्धार कर बनाये गए 30 बिस्तरीय ऑक्सीजन सपोर्टिव बेड की व्यवस्था भी देखी। मुख्यमंत्री चौहान ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा प्रदाय एडवांस लाइफ सपोर्टिव एम्बुलेंस का अवलोकन किया और अस्पताल प्राँगण में बनाये गए ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण भी किया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़ तथा आकाश विजयवर्गीय, सुदर्शन गुप्ता, जीतू जिराती, गौरव रणदिवे, राजेश सोनकर, कलेक्टर मनीष सिंह, राज्य आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. निशांत खरे और चिकित्सकगण मौजूद थे।