चीनी VT-4 युद्धक टैंक पाकिस्तानी सेना में शामिल हुए 

 
इस्लामाबाद

पड़ोसी देश पाकिस्तान ने अपनी सेना में चीन निर्मित VT-4 युद्धक टैंकों के पहले बैच को औपचारिक रूप से अपने शस्त्रागार में शामिल कर लिया है। चीने के स्वामित्व वाली बख्तरबंद वाहन निर्माता नोरिन्को की ओर से निर्मित वीटी-4 टैंक की डिलीवरी पिछले साल अप्रैल में शुरू हुई थी। थाईलैंड और नाइजीरिया के बाद पाकिस्तान तीसरा देश है, जिसने चीन से ये टैंक खरीदे हैं।
 
पाकिस्तानी सेना के मीडिया मामलों के विंग ने एक बयान में कहा कि कमांडर मंगला कोर लेफ्टिनेंट जनरल शाहीन महमूद ने बुधवार को आर्मर्ड डिवीजन का दौरा किया और वीटी-4 टैंकों के पहले बैच का निरीक्षण किया। बयान में कहा गया है कि मेजर जनरल राशिद महमूद ने कमांडर को टैंकों के पहले बैच के शिपमेंट के बाद के जायजा लेने बारे में जानकारी दी। जनरल महमूद ने टैंकों का टेस्टिंग भी देखी। बता दें कि इससे पहले पाक सेना ने पिछले साल सितंबर में अपने ऑन फील्ड परीक्षणों के बाद कहा था कि टैंकों को शामिल करने के बाद स्ट्राइक फॉर्मेशन द्वारा आक्रामक भूमिका में लगाया जाएगा।
 
आपको बता दें कि मेड इन चाइना वीटी-4 चीन का थर्ड जेनरेशन बैटल टैंक है। इसे वीटी-4 के अलावा MBT3000 के नाम से भी पहचाना जाता है। वहीं इसकी कीमत की बात करें तो एक टैंक करीब 49 लाख डॉलर यानी लगभग 36 करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। चीन के इस टैंक की लंबाई 10.10 मीटर, चौड़ाई 3.40 मीटर और ऊंचाई 2.30 मीटर है। इस टैंक में 125 एमएम की मुख्य तोप फिट की गई है। इसके अलावा कई और छोटे-बड़े हथियार भी सेट किए गए हैं। मालूम हो कि चीन रक्षा क्षेत्र में पाकिस्तान का साझेदार बना हुआ है, हाल ही में चीन से पाकिस्तान ने कई हथियार खरीदे हैं।