फिल्म 'रुस्तम' और 'कबीर सिंह' जैसी फिल्मों में नजर आए एक्टर अर्जन बाजवा रियल लाइफ में पायलट बनने की तैयारी में जुटे हैं। हालांकि कोरोना महामारी की वजह से उनके इस सपने पर फिलहाल एक ब्रेक लग गया है। हाल ही में दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान, अर्जन ने बताया कि जैसे ही कोरोना की स्थिति में सुधार आएगा, वे अपने पायलट बनने के सपनेको पूरा करेंगे। बातचीत के दौरान, उन्होंने अपने ड्रीम रोल का भी जिक्र किया।
एविएशन करियर को लेकर काफी एम्बीशियस हैं अर्जन
पायलट ट्रेनिंग के बारे में अर्जन बताते हैं, "यदि अभी सिचुएशन सही होती तो मैं इस वक्त कैलिफोर्निया में पायलट ट्रेनिंग में व्यस्त होता। तकरीबन दो महीने की ट्रेनिंग के बाद, मुझे पायलट का लाइसेंस मिल जाता। मैं अपने एविएशन करियर को लेकर काफी एम्बीशियस हूं। मुझे हमेशा से पायलट बनना था, एक्टर नहीं। हालांकि कोरोना की वजह से मेरे इस सपने पर कुछ वक्त के लिए ब्रेक लग गया है। जैसे ही, स्थिति सुधरती है मैं अपने इस फ्लाइंग हॉबी को फिर से शुरू करूंगा, ट्रेनिंग पूरी करके अपना लाइसेंस हासिल करूंगा। आगे चलकर मैं इस फील्ड में कुछ करना चाहता हूं।
खुद को स्क्रीन पर नेशनल एयरफोर्स हीरो के रूप में जरूर देखना चाहूंगा
फिल्मी करियर में अपने ड्रीम रोल के बारे में अर्जन कहते हैं, "मैं दिल से बहुत ही पेट्रियोटिक हूं और जब भी मुझे इस इमोशन से जुड़े किसी किरदार को स्क्रीन पर निभाने का मौका मिलता है, तो मुझे काफी अच्छा महसूस होता है। सीरीज 'स्टेट आॅफ सीज 26/11' में मुझे इंडियन डिफेन्स पर्सन का किरदार निभाने का मौका मिला और अब मेरा ड्रीम रोल इंडियन एयरफोर्स पायलट का है। मुझे एविएशन के बारे में काफी जानकारी है और यदि इस नॉलेज को बतौर एक्टर स्क्रीन पर इस्तेमाल करने का मौका मिले, तो इससे अच्छी बात क्या हो सकती है? कभी न कभी खुद को स्क्रीन पर नेशनल एयरफोर्स हीरो के रूप में जरूर देखना चाहूंगा। यदि किसी रियल लाइफ व्यक्ति के बायोग्राफी पर बनी फिल्म में अर्जन खुद को देखना चाहेंगे तो वो कौन सी होंगी? इसपर अर्जन कहते हैं, "मैंने सुना था कि इंडियन एयरफोर्स पायलट अभिनन्दन वर्धमान पर कोई फिल्म बन रही है। यदि मौका मिला, तो मैं अभिनंदन का किरदार स्क्रीन पर निभाना चाहूंगा। जो उन्होंने देश के लिए किया है, उसपर हम सभी देशवासियों को गर्व है।
श्रुति हासन और मिथुन चक्रवर्ती के साथ कर रहे हैं सीरीज
अर्जन जल्द ही अमेजन प्राइम की सीरीज में दिखेंगे जो लेखक रवि सुब्रमण्यम की किताब 'द बेस्ट सेलर शी रोट' पर आधारित है। इस बारे में पूंछने पर अभिनेता कहते हैं, "सच कहूं तो फिलहाल मुझे अपने इस प्रोजेक्ट पर कुछ बोलने की इजाजत नहीं है, मैंने कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। हां, इस सीरीज की ज्यादातर शूटिंग पूरी हो चुकी है। बस कुछ पोरशन बाकी है जिसके लिए हम लॉकडाउन खुलने का इंतजार कर रहे हैं। यह एक इंटेंस ड्रामा है जिसमे मेरे अपोजिट श्रुति हासन नजर आएंगी। सीरीज में मिथुन चक्रवर्ती अहम भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत के दौरान, अर्जन ने यह भी बताया कि कुछ दिनों पहले उनके परिवार के कुछ सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए थे। दिल्ली में अपने परिवार वालों के साथ कुछ वक्त बिताने के बाद, वे अब मुंबई लौट आए हैं।
कौन हैं अभिनन्दन वर्धमान?
27 फरवरी 2019 को बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान की वायुसेना के बीच संघर्ष हुआ था। इस दौरान विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तानी एफ-16 को भारतीय मिग-21 बाइसन से पीछा कर मार गिराया था। हालांकि इस दौरान अभिनंदन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और वो पाकिस्तान के इलाके में जाकर फंस गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया था। भारत के दबाव के बाद आखिरकार पाकिस्तान को अभिनन्दन वर्धमान को छोड़ना पड़ा था। लगभग 60 घंटे के बाद विंग कमांडर अभिनंदन को वाघा बॉर्डर से रिहा किया गया था।















