भोपाल
मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश के लिए अभी 3 दिन और इंतजार करना पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात सिस्टम बन रहा है. इसके चलते 3 दिन के बाद प्रदेश के कई हिस्से में बारिश होगी. कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश का दौर थमा हुआ है. बारिश न होने की वजह से उमस लोगों को परेशान कर रही है. प्रदेश में फसलों पर भी इसका असर पड़ रहा है. प्रदेश के 26 जिले अभी भी प्यासे हैं.
मौसम विभाग के अनुसार होशंगाबाद, ग्वालियर-चंबल, भोपाल, शहडोल, जबलपुर, इंदौर, सागर और रीवा संभागों के साथ उज्जैन जिले में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए चक्रवात से प्रदेश का मौसम बदल सकता है. इससे पहले 18 अगस्त के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन कमजोर सिस्टम की वजह से अच्छी बारिश नहीं हो सकी.
बारिश के थमने की वजह से प्रदेश का तापमान बढ़ गया है. कई जगह लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं. भोपाल में 10 साल में 5वीं बार अगस्त का महीना सबसे ज्यादा गरम रहा. पिछले साल भी अगस्त खूब तपा था. गौरतलब है कि प्रदेश में एक महीने से ज्यादा समय तक लगातार बारिश का दौर जारी रहा. ग्वालियर चंबल अंचल बाढ़ से प्रभावित हुए. फिर भी, प्रदेश में बारिश का कोटा भी पूरा नहीं हुआ है. प्रदेश भर में 1 जून से 13 अगस्त तक सामान्य से 6 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. प्रदेश भर के 26 जिले ऐसे हैं, जहां अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है.
दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई उत्तरी हिस्सों में इन दिनों उमस भरी गर्मी का माहौल है. मानूसन के सीजन में अच्छी बारिश होने के दौरान फिलहाल अब बादलों का बरसना बंद है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार दक्षिण के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अगस्त को ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 16 और 17 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश में 17 से लेकर 19 अगस्त तक भारी बारिश होने की उम्मीद है. छत्तीसगढ़ में 16 से 19 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 17 और 18 अगस्त को बारिश होगी.















