भोपाल
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार मध्य क्षेत्र वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों में विद्युत देयकों से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए वितरण केन्द्र स्तर पर शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिकायत निवारण शिविरों में बिजली बिल संबंधित शिकायतें जिनमें समय पर बिल वितरण नहीं होना/प्राप्त नहीं होना, अधिक राशि के बिल, गलत बिल जारी होना, ऑनलाइन बिल जनरेट नहीं होना, ऑनलाइन पेमेंट अपडेट नहीं होना, मीटर संबंधी शिकायतें जिनमें समय पर रीडिंग नहीं होना, गलत रीडिंग, देरी से रीडिंग होना, ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतें, विद्युत प्रदाय संबंधी शिकायतें, नवीन कनेक्शन संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। कंपनी द्वारा शिकायत निवारण शिविर 14 जुलाई तक पूरे कम्पनी कार्यक्षेत्र में वितरण केन्द्र स्तर पर सोशल डिस्टेन्सिंग के साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करते आयोजित किये जा रहे हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि कंपनी विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्पित है और इसी दिशा में पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में वितरण केन्द्र/जोन स्तर पर आयोजित होने वाले शिकायत निवारण शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं की विद्युत देयक एवं बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण उपमहाप्रबंधक स्तर के अधिकारी तथा वितरण केन्द्र प्रभारी की उपस्थिति में किया जा रहा है।
भोपाल शहर में 8, 9, 12, 13 एवं 14 जुलाई को आयोजित होंगे उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि भोपाल शहर के विद्युत उपभोक्ताओं की विद्युत देयक एवं बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 8 जुलाई को शहर संभाग दक्षिण अंतर्गत टी.टी.नगर, एम.पी.नगर, अरेरा कॉलोनी, 9 जुलाई को शहर संभाग पूर्व अंतर्गत इंडस्ट्रियल गेट, अयोध्या, करोंद, 12 जुलाई को शहर संभाग पश्चिम अंतर्गत शक्ति नगर, कटारा हिल्स जोन, शहर संभाग उत्तर अंतर्गत इन्द्रविहार, बैरागढ़, सुल्तानिया, छोला, 13 जुलाई को शहर संभाग दक्षिण अंतर्गत कोटरा, भदभदा, जहांगीराबाद एवं 14 जुलाई को शहर संभाग पूर्व अंतर्गत आनंद नगर, भानपुर एवं चॉंदबड़ में उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने कहा है कि पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में वितरण केन्द्र स्तर पर आयोजित शिकायत निवारण शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं की विद्युत देयक एवं बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रबंध संचालक ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे संबंधित वितरण केन्द्र पर आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में जाकर विद्युत बिल संबंधी शिकायतों का निराकरण कराएं।
















