हरदा की ज्योति रात्रे ने 52 साल की उम्र में किलिमंजारो की चोटी पर लहराया तिरंगा

हरदा
 हमारे प्रदेश की एक बेटी ने हाल ही में अफ्रीका महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत को फतह करने में कामयाबी हासिल की है। हरदा शहर के कुकरावद की ज्योति रात्रे ने माउंट किलिमंजारो (ऊंचाई 5895 मीटर/19,340 फीट) की चोटी पर 15 अगस्त के अवसर पर भारतीय राष्ट्रध्वज लहराया एवं राष्ट्रगान भी गाया। वे प्रदेश से अकेले एवं कुल तीन सदस्यीय दल के साथ पूना की एक एडवेंचर कंपनी के माध्यम से अफ्रीका के लिए आठ अगस्त को दिल्ली से रवाना हुई थीं।

 

माउंट किलिमंजारो के शिखर पर तिरंगा फहराने के लिए उन्होंने 14 अगस्‍त को देर रात चढ़ाई शुरू की थी एवं 15 अगस्त को सुबह शिखर पर पहुंचकर भारतीय राष्ट्रध्वज फहराया। उनके साथ दल के साथी स्मिता घुगे एवं यश इंगोले ने भी यह सफलता प्राप्त की। माउंट किलिमंजारो अफ्रीका के तंजानिया देश में स्थित है एवं विश्व के सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों में से एक है। ज्योति रात्रे का लक्ष्य सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर विजय प्राप्त करना है। वे 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम की समर्थक हैं एवं अपने कार्यों से सभी को यही संदेश देना चाहती हैं।

उल्लेखनीय है कि ज्योति रात्रे ने इससे पूर्व आठ जुलाई 2021 को यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत शिखर माउंट एलब्रुस पर फतह हासिल की थी। तब उन्‍होंने इस चोटी पर चढ़ने वाली सर्वाधिक आयु की महिला होने का कीर्तिमान अपने नाम किया था एवं इसके तुरंत बाद अगले ही माह एक और महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी पर विजय प्राप्त कर एक और कीर्तिमान बनाया है। गौरतलब है कि वे मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) केके रात्रे की पत्नी हैं।