हमारे पुरखों ने हमें मजबूत विचारधारा दी है:  वानथी श्रीनिवासन

भाजपा महिला मोर्चा की प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

Raipur.

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वानथी श्रीनिवासन व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह व महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने चंपारण में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर  प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत जी के उद्बोधन  के उपरांत महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती श्रीनिवासन ने महिला कार्यकर्ताओं के समक्ष चुनौती व राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में समन्वय विषय पर अपने उद्बोधन में कहा कि मातृशक्ति अपने परिवार से लेकर राष्ट्र के नव निर्माण में जो योगदान करती है वह निश्चित ही अनुकरणीय है। परिवार से समाज, समाज से संगठन के मजबूती के लिए भाजपा महिला कार्यकर्ता हमेशा समर्पित रहती है। यह सुखद अवसर है कि हमारे समक्ष राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए ने एक सशक्त महिला शक्ति के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को चुनाव समर पर उतारा है।

वह हम सबका प्रतिनिधित्व विजय उपरांत कर पूरी दुनिया में मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व करेगी इसके लिए हम उन्हें हार्दिक शुभकामना प्रेषित करते है। उन्होंने कहा कि हमारे समक्ष कई चुनौतियां है जिसे लांघना हमारी दक्षता का हिस्सा है। व्यक्तिगत जीवन से समय निकाल कर सामाजिक जीवन में राष्ट्र निर्माण के लिए हम सब जो योगदान दे रही हैं वह अन्य दल में संभव नहीं हैं। भाजपा में राजमाता सिंधिया, सुषमा स्वराज जैसी कई महिला शक्तियां हमारी प्रेरणा रही है। हमें सदैव चुनौतियोें से लड़कर मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए सदैव गतिमान रहना होगा।