सीहोर
सीहोर थाना कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. बता दें कि महिला नेता के घर पर यह सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जिनमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं. बता दें कि जिस महिला के मकान में देह व्यापार कराया जा रहा था, वह शिवसेना से जुड़ी रही हैं और शिवसेना के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी है.
दरअसल पुलिस को खूफिया सूचना मिली थी कि सीहोर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पीछे स्थित एक मकान में देह व्यापार चल रहा है. जानकारी के अनुसार, प्रत्येक ग्राहक से 500 रुपए लेकर अनैतिक काम कराया जा रहा था. इस पर पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव ने कार्रवाई की. खूफिया सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक अर्चना अहीर के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली नलिन बुधौलिया और उनकी टीम ने मुखबिर की बताए मकान पर छापा मारा.
छापे के दौरान घर से 5 महिलाएं और 5 पुरुषों समेत कुल 10 आरोपी हिरासत में लिए गए. पुलिस ने मौके से देह व्यापार से संबंधित सामान, पुराने गद्दे, मोबाइल, नगदी 28710 रुपए और दो कारें भी जप्त की. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली सीहोर में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
योगाचार्य है आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस महिला के घर में ये देह व्यापार चल रहा था, वह योगाचार्य है और उसे प्रशासनिक अधिकारियों से सम्मान भी मिल चुका है. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.















