सूर्यवंशी 5 नवंबर को ‘आइला रे आइला’ गाना 21 अक्टूबर को होगा रिलीज, निर्देशक रोहित शेट्टी, अक्षय कुमार, अजय देवगन और रणवीर सिंह की कॉप ड्रामा फ़िल्म

रोहित शेट्टी और अक्षय कुमार की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी

मुंबई

पिछले डेढ़ साल से अपनी रिलीज का इंतजार कर रही रोहित शेट्टी और अक्षय कुमार की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी फ़ाइनली 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है । सूर्यवंशी में अक्षय कुमार खतरनाक एक्शन सीन करते हुए नजर आएंगे । इस फ़िल्म में अक्षय के अलावा कैटरीना कैफ़ भी नजर आएंगी । वहीं अजय देवगन अपने सिंघम अवतार और रणवीर सिंह सिम्बा अवतार में एक विस्तारित कैमियो में नजर आएंगे । दर्शकों को एक बार फ़िर सिनेमाघरों तक लाने के लिए रोहित शेट्टी ने पूरी तैयारी कर ली है । 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली सूर्यवंशी का एक गाना ‘आइला रे आइला’ 21 अक्टूबर को रिलीज होगा ।

5 नवंबर को रिलीज होगी अक्षय कुमार की सूर्यवंशी

सूर्यवंशी का ये गाना इस साल का सबसे बहुप्रतिक्षित, चार्टबस्टर गाना बताया जा रहा है क्योंकि इस गाने में एक साथ सूर्यवंशी के रूप में अक्षय, सिंघम के रूप में अजय देवगन और सिम्बा के रूप में रणवीर सिंह नजर आएंगे । यह गाना 21 अक्टूबर को रिलीज होगा जो फ़िल्म के प्रमोशन के लिए सबसे बड़ा टूल होगा ।

निर्देशक रोहित शेट्टी ने सूर्यवंशी के प्रमोशन के लिए अनूठी स्ट्रेटजी प्लान की है । रोहित ने फ़िल्म के गानों के साथ फ़िल्म का प्रमोशन करने का फ़ैसला किया है । दशहरे के दिन रोहित शेट्टी ने अक्षय, अजय और रणवीर के साथ पीवीआर सिनेमाघर में एक गाना शूट किया । यह पहली कॉप यूनिवर्स फिल्म है इसलिए रोहित इसे तरह से पेश करना चाहते हैं कि तीनों सुपरस्टार्स एक साथ ग्रैंड लेवल पर नजर आए । इसके अलावा रोहित फ़िल्म की रिलीज से पहले एक टीजर भी रिलीज करेंगे जिसमें सिम्बा, सिंघम और सूर्यवंशी तीनों नजर आएंगे ।

सूर्यवंशी में अजय और रणवीर का स्क्रीन टाइम 30 मिनट से ज्यादा है

सूर्यवंशी में अजय देवगन और रणवीर सिंह का रोल क्या होगा, इस पर सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “सूर्यवंशी में अजय और रणवीर का स्क्रीन टाइम 30 मिनट से ज्यादा है ।” अजय देवगन और रणवीर सिंह की मौजूदगी फ़िल्म में हाई ऑक्टेन एक्शन सीन्स की उम्मीद पैदा करती है ।

रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी सूर्यवंशी दीपावली के जस्ट बाद यानि 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।