सुवेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु को मिली Z श्रेणी की सुरक्षा 

कोलकाता
 पश्चिम बंगाल के चुनाव में टीएमसी चीफ ममता बनर्जी को करारी शिकस्त देकर नंदीग्राम सीट कब्जाने वाले बीजेपी विधायक सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा में इजाफा किया गया था। अब केंद्र सरकार ने उनके छोटे भाई सौमेंदु अधिकारी को भी जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। सौमेंदु की सिक्योरिटी अब सशस्त्र बल के 18 से 20 कमांडो 24 घंटे तैनात रहेंगे। 

सौमेंदु के अलावा ग्रेटर कूच बिहार पीपल्स एसोसिएशन (जीसीपीए) के नेता अनंत महाराज को भी वाई प्लस का सुरक्षा कवच दिया गया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच विवाद जगजाहिर है, आए दिन दोनों के बीच हिंसक हमलों की खबरें सामने आती रहती हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बीजेपी नेताओं की सशस्त्र वीआईपी सुरक्षा कवर को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने बताया कि सौमेंदु अधिकारी और अनंत महाराज की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों नेताओं की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी। एजेंसियों ने सिफारिश की थी कि नेताओं को उचित सुरक्षा की जरूरत है। 

सुरक्षा एजेंसियों की सूचना के आधार पर सौमेंदु अधिकारी और अनंत महाराज को सुरक्षा कवर मुहैया कराया गया है। बता दें कि सौमेंदु अधिकारी इस साल जनवरी में बीजेपी में शामिल हुए थे, इससे पहले उनके भाई और नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी का दामन छोड़ बीजेपी का हाथ थामा था। सुवेंदु अधिकारी को भी केंद्र की तरफ से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, वहीं बीजेपी के करीबी माने जाने वाले महाराज को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा का समर्थन किया था। उन्हीं के सपोर्ट के चलते बीजेपी ने कूच बिहार जिले में छह विधानसभा सीटों पर फतह हासिल की है।