समुद्र में उठ रहीं खतरनाक लहरें, फिर भी तट पर मौज कर रहे लोग 

 नई दिल्ली 
बंगाल और ओडिशा में चक्रवाती तूफान 'यास' का खतरा मंडरा रहा है। यह तूफान आज दोपहर तक ओडिशा से टकरा सकता है। प्रशासन ने तटीय इलाकों को खाली करवा लिया है लेकिन फिर भी कुछ ऐसे लोग हैं जिनके लिए यह कहा जा सकता है कि उन्हें जीवन प्यारा नहीं है। दरअसल, ओडिशा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें कुछ मछुआरों को समुद्र में मजे करते देखा जा सकता है, वह भी तेज लहरों के बीच। 

यह वीडियो ओडिशा के गंजम जिले के गोपालपुर का है। हैरानी की बात यह है कि भारतीय मौसम विभाग ने इस जिले में चक्रवाती तूफान यास को लेकर पहले ही 'येलो अलर्ट' घोषित किया हुआ है। मौसम विभाग येलो अलर्ट का प्रयोग लोगों को सचेत करने के लिए करता है। इसका मतलब होता है खतरे के प्रति सचेत रहें। इस अलर्ट में मौसम पर लगातार कड़ी नजर रखी जाती है।

मंगलवार की शाम को यास भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसके चलते पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों से 12 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। यास तूफान की वजह से बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत झारखंड के मौसम पर भी असर पड़ा है। ओडिशा और बंगाल में कई जगहों पर लगतार बारिश हो रही है।