विदेशी महिला से दोस्ती में ठग गए कई भोपाली

भोपाल
मध्यप्रदेश में अब फेसबुक पर विदेशी हुस्न के जाल में फंस कर लोग अपनी गाढ़ी कमाई गवां रहे हैं. भोपाल में ऐसा ही मामला सामने आया है. गिरोह के सदस्य पहले विदेशी महिला के नाम से फेसबुक पर दोस्ती करते हैं, कुछ दिनों तक रोमांटिक बातें करते हुए लोगों को अपने प्रेम जाल में फंसा लेते हैं. इसके बाद गिरोह के सदस्य जाल में फंसे व्यक्ति को महंगा गिफ्ट भेजने का लालच देते हैं. महंगा गिफ्ट भेजने के बाद आरोपी एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग से उसे छुड़ाने के नाम पर व्यक्ति से लाखों रुपये ठग लेते हैं.

साइबर क्राइम भोपाल की टीम ने एक मामले की जांच की, तो इसके तार विदेशी नागरिक से जुड़़े थे. पुलिस टीम ने तकनीकि एनालिसिस के आधार पर जनवरी से इस मामले से जुड़़े एक विदेशी नागरिक नाईजीरियन समेत 03 आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था. हालांकि मौके से गिरोह का सरगना नाईजीरियन मुईट उर्फ अजीज फरार हो गया था. इस सरगना को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया. मुईट उर्फ अजीज बिजनेस बीजा पर भारत आया था. उसने दूसरे नाइजीरियन सहयोगियों के साथ मिलकर ग्रेटर नोयडा और दिल्ली में गिरोह बनाकर साइबर अपराध करना शुरू किया. पुलिस ने आरोपी मुईट के पास से लेपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड जप्त किया है.

भोपाल में रहने वाले पवन अग्रवाल ने साइबर पुलिस को शिकायत की थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर विदेशी महिला द्वारा दोस्त बनकर क्रिसमस गिफ्ट भेजा गया. इस गिफ्ट को एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग से छुड़ाने के नाम पर उनसे 11 लाख 22 हजार 844 रूपये की धोखाधड़ी की गई. पुलिस ने तकनीकि सबूतों के आधार पर बैंक खातों के होल्डर मोबाइल नंबरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.

गिरोह के सदस्य सोलोमोन वाजीरी महिलाओं के नाम से फेसबुक पर आईडी बनाकर दोस्ती करता था. लोगों से रोमांटिक बातें की जातीं. दोस्ती करने के कुछ दिन बाद लोगों को क्रिसमस गिफ्ट भेजा जाता. इसके बाद एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारी के द्वारा गिफ्ट पकड़े जाने की जानकारी दी जाती. इस पर आरोपी सोलोमेन कस्टम अधिकारी बनकर फरियादी को गिफ्ट छुडाने के लिये आरोपी मुईट उर्फ अजीज के फर्जी बैंक खातों में पैसे जमा करवाता था. राशि जमा नहीं करने पर फरियादी को पुलिस केस करने की धमकी दी जाती. खातों में पैसा आने पर आरोपी मुईट उर्फ अजीज तत्काल एटीएम से नगद निकाल लेता था.