भोपाल
वन मंत्री डॉ. कुंवर शाह ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वन संरक्षण और विकास योजनाओं में सक्रिय सहभागिता निभाएँ। प्रदेश को समृद्ध बनाने में वन संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वन मंत्री डॉ. शाह ने 'हरियाली महोत्सव' के अवसर पर अपने संदेश में कहा है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन एक पौधा लगाने की अभिनव पहल की है। इससे जन-साधारण में पौधा-रोपण के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
राज्य सरकार द्वारा वनों के विकास के साथ ग्रामीणों को वनोपज आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संयुक्त वन प्रबंधन समितियों द्वारा वनों की सुरक्षा और विकास के कार्य ग्रामीणों की भागीदारी से किये जा रहे हैं। निजी क्षेत्र में भी पौधा-रोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
निकटतम वन रोपणी में उपयुक्त पौधे उपलब्ध
वन मंत्री ने जन-साधारण से अपील की है कि उपयुक्त पौधे निकटतम वन रोपणी से प्राप्त कर पौधा-रोपण का कार्य करें। इस कार्य में पंचायत, शिक्षण और स्वैच्छिक संस्थाओं से महती भूमिका के निर्वहन का आग्रह किया है।
















