राजनांदगांव
नगर निगम द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्मित रैन बसेरा में मेयर कोविड केयर सेंटर की शुरुआत की जा रही है। यह सेंटर महापौर निधि से संचालित होगी। जिसमें कुल 50 बिस्तर होंगे। राहत वाली बात यह है कि इनमें 35 ऑक्सीजन बेड बनाए जा रहे हैं। ताकि यहां रहने वाले मरीजों को विपरीत परिस्थिति में ऑक्सीजन की सुविधा दी जा सके।
कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने सोमवार को महापौर हेमा देशमुख के साथ मेयर कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया। निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि रैन बसेरा में बनाए जा रहे कोविड केयर सेंटर में 50 बेड में 25 पुरूष व 25 महिलाओं के लिए होंगे। जिसमें 35 आक्सीजन वाले बेड रखे जाएंगे। वर्तमान में 13 यूनिट डुएल फ्लो आक्सीजन कंसंटेटर मशीन मंगाया गया है, जिससे 26 मरीजों को आक्सीजन मिल सकेगा। इसके अलावा महिला पुरूष के लिए अलग अलग शौचालय की व्यवस्था की गयी है। मेडिकल स्टाफ के लिये भी अलग से शौचालय बनाया गया है। गंभीर हालत के मरीजों को मेडिकल कालेज में ही रखा जाएगा।