नई दिल्ली
देश में कोरोना संक्रमण से राहत लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को बीते एक दिन में कोरोना के 37,154 नए मामले मिले हैं। इस दौरान देश में 724 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। इससे पहले 5 जुलाई को ही कोरोना के नए केस 40,000 से कम थे। ऐसे में यह थोड़ी राहत का संकेत जरूर है। इसके अलावा अब तक देश में कुल 3 करोड़ लोग कोरोना को मात देकर जिंदगी में वापस लौट चुके हैं। इसके चलते कोरोना का रिकवरी रेट देश भर में 97.22% हो चुका है। हालांकि बीते एक दिन में रिकवर होने वाले लोगों की संख्या नए मिले कोरोना केसों के मुकाबले कम रही है। बीते दो महीने में यह दूसरा मौका है, जब रिकवर होने वाले लोगों की संख्या नए केसों के मुकाबले कम है।
रविवार को देश भर में 37,154 नए केस कोरोना के मिले। वहीं 39,649 लोग इस दौरान संक्रमण से उबरे। इसके अलावा टीकाकरण की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। अब तक देश में 37.73 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। शायद यही वजह है कि कोरोना के नए केसों में कमी का दौर बना हुआ है और एक्टिव केस लगातार घट रहे हैं। फिलहाल देश में एक्टिव केसों की संख्या 4,50,899 ही रह गई है। यह देश में अब तक मिले कोरोना के कुल मामलों के 1.46 फीसदी के बराबर ही है। इसके अलावा वीकली पॉजिटिविटी रेट भी अब 2.32% पर्सेंट ही रह गया है।
24 घंटों के आंकड़ों में मंत्रालय ने बताया कि 39,649 रिकवरी, 724 लोगों की मौत हो गई है। अब तक देश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3,08,74,376 हो गया, कुल रिकवरी के आंकड़े 3,00,14,713 और अब तक हुई मौतों की संख्या 4,08,764 है। वहीं 16 जनवरी से शुरु हुए वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक कुल 37,73,52,501 खुराकें दी जा चुकी हैं जिसमें से 12,35,287 खुराकें 24 घंटों में दी गई।
त्रिपुरा में नहीं है डेल्टा प्लस का एक भी मामला
भारत सरकार की ओर से बयान जारी कर बताया गया कि त्रिपुरा में डेल्टा प्लस का एक भी मामला नहीं है। इसमें बताया गया, 'त्रिपुरा में डेल्टा प्लस वैरिएंट के मामले बढ़ने की खबर मिली। अप्रैल और मई 2021 के बीच 152 सैंपल के नतीजे पॉजिटिव आए और इन्हें जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए NIBMG कल्याणी भेजा गया था। इसमें डेल्टा प्लस के मामले नहीं थे। इसमें 3 सैंपल B.1.1.7 से संक्रमित पाए गए वहीं 11 सैंपल B.1.617.1 (कप्पा) और 138 B.1.617.2 (डेल्टा) से संक्रमित थे।'
















