राजीव गांधी की 77वीं जयंती: राहुल गांधी ने वीरभूमि पहुंच पिता को दी श्रद्धांजलि 

नई दिल्ली
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज (शुक्रवार 20 अगस्त) 77वीं जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता को वीरभूमि पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। राहुल गांधी के साथ गुलाम नबी आजाद और अधीर रंजन चौधरी भी वीरभूमि पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी है। इस खास मौके पर कांग्रेस ने कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। 

आज दिल्ली में में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए एक विशेष फोटो प्रदर्शनी लगायी जाएगी। इसके अलावा रक्तदान शिविर, खेलकूद एवं सांस्कृतिक समारोह समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राजीव गांधी जयंती पर कहा है, ''राजीव गांधी का संदेश था कि हिन्दुस्तान एक पुराना देश है लेकिन एक नया अंदाज लेकर आगे निकलने की तैयारी में है। उनका संदेश था कि हिन्दुस्तान को ताकतवर और आत्मनिर्भर बनाएं। जो आत्मनिर्भर की बात अभी हो रही है, राजीव गांधी ये बात बहुत पहले कर चुके हैं।''

 कांग्रेस ने अपने अधिकारिक पेज से ट्वीट करते हुए लिखा है, ''राजीव गांधी जी की दूरदर्शिता ने भारत के युवाओं के सपनों को न केवल उड़ान दी, बल्कि उन सपनों को साकार भी किया। युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित की, संचार क्रांति ने देश के युवाओं को विश्व के साथ प्रतिस्पर्धा में खड़ा किया।''