वाराणसी।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, महिला कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने सोमवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में कहा कि किसी भी योजना का लाभ हर पात्र को मिलना चाहिए। कोई महिला छूटने नहीं पाए। हर माह जिले से लेकर शासन तक योजनाओं की लगातार समीक्षा होती रहेगी। किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि जगह-जगह कैम्प लगाकर सभी पात्र महिलाओं से निराश्रित पेंशन योजना में फार्म भरवा कर स्वीकृत करें।
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री को बताया गया कि पिछले वर्ष 54 हजार 651 निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी गई है। इस वर्ष 749 और महिलाओं की पेंशन स्वीकृत की गयी है। मंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि कैम्प लगाकर निराश्रित पेंशन योजना में फार्म भरवाएं। इस बाबत जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उनसे सुझाव लें। उनके बताए स्थान पर कैम्प लगवाएं। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ आदि उपस्थित रही।
















