योगी आदित्यनाथ ने बताया रामराज्य की परिभाषा, राम मंदिर पर फैसला आया और एक मच्छर तक नहीं मरा

 लखनऊ 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का समाधान शांतिपूर्वक हो गया। लोग कहते थे कि यदि मंदिर के पक्ष में फैसला आया तो खून की नदियां बहेंगी। समाधान हो गया और एक मच्छर तक नहीं मरा। यही रामराज्य है। आज राज्य में कहीं कोई कैराना बनाने दुस्साहस नहीं कर रहा है। पहले राज्य में औसतन हर तीसरे दिन में एक दंगे होते थे, अब साढ़े चार साल में एक भी दंगे नहीं हुए। 

सीएम योगी ने ये बातें शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के आईटी एवं सोशल मीडिया कार्यशाला के समापन समारोह में कहीं। योगी ने कहा  कि हमने प्रोपेगंडा नहीं किया है। जो करना था वह किया। कश्मीर से आतंकवाद की सबसे बड़ी धारा 370 को समाप्त कर दिया। एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे को चरितार्थ करके दिखाया है।
 
उन्होंने कहा कि मीडिया पूरी व्यवस्था पर पैनी निगाहें रखता है। दो दशक में मीडिया के स्वरूप में बहुत बदलाव आया है। प्रिंट मीडिया, विजुअल मीडिया के बाद अब सोशल मीडिया भी बड़ी भूमिका में है। सोशल मीडिया का कोई माई-बाप नहीं है, इसलिए अलर्ट रहें। यह मीडिया पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। आज सोशल मीडिया पर चलने वाले पोस्ट प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया में डिबेट का मुद्दा बन रहे हैं। सोशल मीडिया का प्रयोग देश का वातावरण खराब करने में भी किया जा रहा है। मुद्दों से ध्यान भटकाने में इसका प्रयोग किया जा रहा है। आज सोशल मीडिया की भूमिका बहुत बढ़ गई है। विपक्ष इस मीडिया पर अधिक सक्रिय है। विपक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहता है। कोरोना काल में जब महामारी और रोजगार पर चर्चा हो सकती थी, लेकिन विपक्ष ने पैगासस का मुद्दा उठाकर संसद नहीं चलने दी। लोकसभा चुनाव से पहले राफेल का मुद्दा उठाकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की गई थी। 
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की किसी भी घटना पर दूसरे राज्यों और देशों से 90 फीसदी से अधिक ट्वीट हो रहे हैं। सामाजिक विद्वेष व जातीय विखंडन से राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिशें हो रही हैं। हम तटस्थ बने रहते हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का प्रशिक्षण जरूरी है। हमें भी अपनी भूमिका को रेखांकित करना होगा। सोशल मीडिया पर विरोधियों का जवाब देने के लिए मुहुर्त देखने की जरूरत नहीं है। तत्काल जवाब दें। ट्वीट को प्रभावी बनाएं। कम शब्दों में ही प्रभावी ट्वीट करें। इस मीडिया के साथ सकारात्मक रहते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है।