आगरा
यूपी में गर्मी का कहर जारी है। गर्मी के साथ उमस की अधिकता से लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं। हर समय एसी और कूलर चलाने पड़ रहे हैं। इधर मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। आगरा में आठ जुलाई से बारिश की उम्मीद धुंधली हो चली है।
गर्मी में हमेशा टाप-5 में रहने वाले शहर अभी भी बेहद गर्म चल रहे हैं। इनमें आगरा भी शामिल है। कई दिनों से शहर प्रदेश में पहले और दूसरे नंबर पर चल रहा है। मंगलवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक हो गया। यह 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी बढ़ गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक होकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आद्रता का अधिकतम प्रतिशत 58 आंका गया है। तापमान के हिसाब से प्रदेश में झांसी पहले, आगरा और बांदा दूसरे सबसे गर्म शहर साबित हुए हैं। इधर मौसम विभाग ने आठ जुलाई से बारिश की संभावना जताई थी। यह एक दिन और खिसक गई है। अब विभाग नौ जुलाई से बारिश का इशारा कर रहा है। इसके बाद 12 जुलाई तक लगातार बारिश के आसार हैं।
















