यूजी में 2 लाख 70 हजार से ज्यादा सीटें आवंटित

भोपाल
 उच्च शिक्षा विभाग के निजी और सरकारी 1301 काॅलेजों की करीब 12 लाख सीटों में प्रवेश लेने की कवायद विद्यार्थियों में जारी हैं। यूजी के पहले राउंड की कांउसलिंग के बाद प्रथम चरण के सीट अलाॅटमेंट में 2,70,718 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई। पहले चरण के यूजी के आवंटन में भी छात्रों को ज्यादा सीटें आवंटित हुईं। छात्राओं को 1 लाख 47 हजार 586 जबकि छात्रों को 1 लाख 23 हजार 132 सीटें आवंटित की गई। पहले दिन सीटें अलाॅटमेंट होने के बाद आवंटन पत्र डाउनलोड करने में तेजी दिखाई। पहले दिन कुल 78 हजार 404 आवंटन पत्र आॅनलाइन डाउनलोड किए गए। इनमें भी 40 हजार 642 छात्राओं ने पत्र डाउनलोड किए जबकि 37 हजार 762 छात्रों ने पत्र डाउनलोड किए। आवंटन पत्र के बाद अब तक कुल 5217 विद्यार्थियों ने आॅनलाइन शुल्क जमा कर अपनी सीट को लाॅक कर दिया। विभाग द्वारा कराई जा रही काउंसलिंग में यूजी में 12 अगस्त तक पंजीयन और 14 अगस्त तक 3,69,236 स्टूडेंट्स ने सत्यापन कराए थे। अभी भी यूजी की 7,59,915 सीटें खाली हैं। इसमें छात्राओं को 1,47,586 और छात्रों 1,23,132 सीटें आवंटित हुई हैं। विभाग द्वारा यूजी की 10,30,633 और पीजी की 2,34,279 सीट मिलाकर कुल 12,64,912 सीटों के लिए एडमिशन प्रक्रिया चलाई जा रही है। यूजी के स्टूडेंट आवंटन पत्र डाउनलोड कर 25 अगस्त तक आॅनलाइन फीस जमा कर सकते हैं।

पीजी के पहले राउंड में छूटे 10 हजार विद्यार्थी
पीजी के प्रथम चरण की काउंसलिंग में गुरुवार को विराम लग गया है। लेकिन अलाॅटमेंट के पहले राउंड के आखिरी दिन 10 हजार छात्रों ने आॅनलाइन शुल्क जमा करने में रुचि नहीं दिखाई। पीजी के पहले राउंड में पीजी की 58 हजार 630 सीटें विद्यार्थियों को आवंटित हुई थीं। जिसमें से 51594 विद्यार्थियों ने आॅनलाइन आवंटन पत्र डाउनलोड किया था। विभाग ने आॅनलाइन शुल्क जमा करने के लिए 19 अगस्त तक का समय दिया था। गुरुवार तक 41 हजार 387 विद्यार्थियों ने ही आॅनलाइन शुल्क जमा किया।

अब तक पांच लाख विद्यार्थियों का पंजीयन
प्रदेश में यूजी-पीजी में करीब 12 लाख सीटें हैं। इसमें से पांच लाख विद्यार्थियों के पंजीयन हो चुके हैं। इसमें पौन तीन लाख पंजीयन छात्राओं के खाते में हुये हैं। पीजी में प्रवेश लेने के लिए 59 हजार पंजीयन हुए। इसमें 42 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिये हैं। अभी भी करीब 17 हजार विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हैं। पंजीयन के साथ छात्राओं ने प्रवेश में भी छात्रों के मुकाबले ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। प्रथम चरण की काउंसलिंग में 13 हजार छात्रों ने प्रवेश लिये हैं। जबकि 28 हजार से ज्यादा छात्राओं ने फीस जमा कर अपने कालेज पुख्ता कर लिये हैं।

बीएड  की प्रथम राउंड की काउंसलिंग में लगा विराम

 विभाग ने प्रथम चरण में 638 बीएड कालेजों की 56 हजार 300 सीटों पर प्रवेश देने करीब 32 हजार सीटों पर आवंटन जारी किया था। इसमें 19 हजार 200 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिये हैं। प्रवेश से वंचित करीब 13 हजार विद्यार्थी दूसरे चरण की काउंसलिंग में भागीदारी कर प्रवेश ले सकेंगे।
स्नाकोत्तर (पीजी) पंजीयन और प्रवेश

कुल पंजीयन 1 लाख
छात्र                        38 हजार
छात्रा प्रवेश                67 हजार
कुल प्रवेश                 41387
छात्र                        13 हजार 320
छात्रा                       28 हजार 67