रायपुर,
केंद्र की मोदी सरकार की मुनाफाखोर वाली नीति और कुप्रबंधन के कारण देश में महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में महंगाई के खिलाफ आंदोलनरत है। छत्तीसगढ़ में सभी जिलों की मंडियों और बाजारों में कांग्रेस पार्टी महंगाई पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन करेगी। साथ ही महंगाई को लेकर पर्चा वितरित कर जनजागरण चलाया जायेगा। 2014 में मोदी देश के युवाओं और आम लोगों को सपने दिखा रहे थे। अपने लगभग हर भाषण में वादा करते थे कि सत्ता में आते ही बेरोजगारी और महंगाई को खत्म कर देंगे। ‘‘बहुत हुई महंगाई की मार…!’’ जैसे नारों की गूंज हर जगह सुनाई दे रही थी। आज उन्हें सत्ता में आए 8 साल से ज्यादा हो गए हैं लेकिन महंगाई और बेरोजगारी कम होने की बजाए आसमान छू रही है। मोदी की विफल आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर है। बीते 14 महीनों से महंगाई दर दोहरे अंकों में है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं रसोई गैस से लेकर अनाज, दालें, कुकिंग ऑयल जैसी जरूरी चीजों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। मोदी सरकार द्वारा आटा, चावल, दही, पनीर, शहद जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाने से महंगाई और बढ़ी है। इस सरकार की बेशर्मी देखिए, बच्चों के लिये पेंसिल और शार्पनर से लेकर हॉस्पिटल बेड एवं शमशान घाट के निर्माण पर भी जीएसटी लगा दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कोई भी ऐसी चीज नहीं है जिसकी कीमत इस सरकार में न बढ़ी हो। मोदी सरकार महंगाई को तो नियंत्रित कर नहीं पा रही है उल्टा पहले से ही परेशान जनता पर टैक्स का बोझ डाल कर अपना खजाना भरने में लगी है। भाजपा के सत्ता में आने से पहले 2014 में पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 9.48 रू. प्रति लीटर था और डीजल पर 3.56 रू. प्रति लीटर। मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर पेट्रोल पर 32.98 रू. प्रति लीटर और डीजल पर 31.83 रू. प्रति लीटर कर दिया। ये सरकार यूपीए की तुलना में पेट्रोल-डीजल पर 186 प्रतिशत ज्यादा टैक्स वसूल रही है। 2021-22 में देश का कुल कर संग्रह भी 34 फीसदी बढ़कर 27.07 लाख करोड़ हो गया, जो बजट में लगाए गए 22.17 लाख करोड़ के अनुमान से 5 लाख करोड़ ज्यादा है। इसमें एक बड़ा हिस्सा जीएसटी का है। सरकार पहले ही जीएसटी से इतना पैसा कमा रही है फिर भी इसकी भूख शांत नहीं हो रही। अब आटा, दही, पनीर, जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी दी गई है।














