मूंग की खरीदी धीमी गति से होने का जीतू पटवारी ने लगाया आरोप

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में मूंग की खरीदी जानबूझकर धीमी गति से की जा रही है, इसकी खरीदी में किसानों के साथ धोखा और पाखंड किया जा रहा है। प्रदेश में पिछले तीन सालों से दालों के एक्सपोर्ट पर रोक लगी हुई है। प्रदेश की यह सरकार किसान विरोधी है।

जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि 70 फीदसी खोयाबीन खराब हो गया है। इस बार किसानों को डबल बीज बोना पड़ा है, कांग्रेस मांग करती है कि उसका भी मुआवजा किसानों को दिया जाए। पिछले साल के सोयाबीन की फसल के नुकसान का मुआवजा नहीं दिया गया, यह मुआवजा भी तत्काल दिया जाए। प्रदेश भर में सिकान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों के बिजली के बिल भी बढ़े हुए आ रहे हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि विधानसभा में कांग्रेस के 25 विधायकों को कर्ज माफी की जानकारी मांगी थी लेकिन जवाब आया है कि जानकारी एकत्रित की जा रही है।

पटवारी ने कहा कि अतिथि शिक्षकों को न्याय यदि यह सरकार दिलाती है तो हम मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे। सरकार ने रोजगार देने के जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया जाए। पटवारी ने भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग किस बात का जन आशीर्वाद मांग रहे हैं।