ग्वालियर/मुरैना। मुरैना नगर निगम के लेखाधिकारी संतोष शर्मा के ग्वालियर स्थित बसंत विहार मकान पर लोकायुक्त ने बुधवार सुबह 4 बजे छापा मारा। इसके साथ ही उनकी नैनागढ़ स्थित ट्रैक्टर की एजेंसी और ग्वालियर तारागंज स्थित उनके मकान पर लोकायुक्त ने कार्रवाई की। मुरैना और ग्वालियर के मकानों से नोट की गड्डियां और सोने के जेवर मिले हैं। अभी कार्रवाई चल रही है। टीआई कवीन्द्र सिंह ने बताया कि छापे के दौरान उनके यहां बड़ी संख्या में नगद राशि जो कि 500-500 के नोटों में है तथा सोना बरामद हुआ है। लोकायुक्त की टीम संतोष शर्मा से पूछताछ कर रही है। इस समय टीम के सदस्य नगर निगम कार्यालय में आ चुुके हैं। यहां वह संतोष शर्मा के कागजातों की जानकारी निकाल रहे हैं।
7 दिन में चौथा अधिकारी पकड़ाया
प्रदेश में करप्शन के खिलाफ तेजी से कार्रवाई चल रही है। सात दिन में यह चौथा अधिकारी है जो लोकायुक्त के शिकंजे में आया है। सात दिन पहले उमरिया में भू सर्वेक्षण अधिकारी मुनेंद्र कुमार दुबे पर छापे में सोने की र्इंट समेत करोड़ों की प्रॉपर्टी मिली थी। इसी तरह शनिवार को धार नगरपालिका के सहायक यंत्री देवेंद्र कुमार जैन पर छापा डाला गया, उनके पास आय से 112 प्रतिशत अधिक संपत्ति की जानकारी मिली है। मंगलवार को भोपाल के हबीबगंज स्टेशन पर जबलपुर लोकायुक्त ने एनआरएचएम के इंजीनियर ऋषभ जैन को 3 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथों अरेस्ट किया है।
10 सालों से एक ही पद पर जमा है संतोष शर्मा
यहां बता दें, कि संतोष शर्मा मुरैना में लेखाधिकारी के पद पर पिछले 10 वर्षों से जमे हैं। इससे पहले वह कैलारस में सीएमओ के पद पर
पदस्थ थे। बताया जाता है कि ऊंची राजनीतिक पहुंच के कारण अभी तक उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई
थी। अब लोकायुक्त ने उन पर शिकंजा कसा है। मामले में बड़ी बेनामी संपत्ति का खुलासा हो सकता है।